शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।
शाहपुरा-स्मार्ट हलचल|राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय रहड़ की छात्राओं ने विकसित भारत संकल्पना 2047 के तहत ज्योति सेवा कलश रैली निकालकर ग्रामीणों को विकसित भारत के निर्माण का संदेश दिया। रैली में कक्षा 6 से 12 तक की करीब 150 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैली को विद्यालय की प्राचार्य ममता राजावत ने हरी झंडी दिखाकर विद्यालय परिसर से रवाना किया। रैली में छात्राएं हाथों में विकसित भारत 2047 से संबंधित स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर चल रही थीं और देश के विकास व प्रगति से जुड़े नारे लगा रही थीं। छात्राओं ने पूरे गांव में भ्रमण कर विकसित भारत की संकल्पना को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया।
रैली के दौरान छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ भी छात्राओं के साथ मौजूद रहा। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के सामूहिक संकल्प का संदेश दिया गया।