कर्तव्य पथ पर असमय बुझा सादुलपुर का चिराग: सैनिक हरिराम बीमारी के चलते शहीद, राजकीय सम्मान से हुई अंतिम विदाई

​सादुलपुर (बजरंग आचार्य )
स्मार्ट हलचल|मातृभूमि की सेवा में समर्पित सादुलपुर तहसील के निकटवर्ती गांव किशनपुरा निवासी सेना के जवान हरिराम (पुत्र धर्मपाल सिंह) का बीमारी के कारण दिल्ली के आरआर अस्पताल में उपचार के दौरान मंगलवार देर रात निधन हो गया। वे सेना की 504 एएससी बटालियन में सिपाही के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। उनकी शहादत की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
​बुधवार को यूनिट के जवानों और परिजनों द्वारा शहीद का पार्थिव शरीर सादुलपुर स्थित शहीद स्मारक लाया गया, जहां पूर्व सैनिक संघ के सदस्यों ने नम आंखों से पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके पश्चात, पार्थिव शरीर के साथ लगभग 10 किलोमीटर लंबी भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। सैकड़ों मोटरसाइकिलों पर सवार युवाओं ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वीर शहीद अमर रहे’ के गगनभेदी नारे लगाते हुए यात्रा को किशनपुरा गांव तक पहुंचाया। अंतिम यात्रा में आसपास के दर्जनों गांवों से हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए।
​किशनपुरा पहुंचने पर बीकानेर बटालियन की गार्ड द्वारा शस्त्र झुकाकर शहीद को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। सैन्य सम्मान के साथ तीन राउंड फायर कर अंतिम विदाई दी गई, जिसके बाद उनके छोटे भाई ने नम आंखों से मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार के दौरान स्थानीय प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और पूर्व सैनिकों ने पुष्प अर्पित किए।
​वर्ष 2019 में सेना में भर्ती हुए 27 वर्षीय हरिराम का विवाह इसी वर्ष 6 फरवरी 2026 को प्रियंका के साथ हुआ था। उनकी इस असमय और दुखद मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे क्षेत्र में गमगीन माहौल है।