स्टेयरिंग फेल होने से हुआ हादसा, ग्रामीणों ने बस से बच्चों को बाहर निकाला; स्कूल बस की फिटनेस पर उठे सवाल
खखरेरू/फतेहपुर। स्मार्ट हलचल|कनपुरवा नहर मोड़ स्थित मातादीन एस्ल कॉन्वेंट स्कूल की बस बुधवार को कुल्ली मजरा मानुपुर मोड़ के पास हादसे का शिकार हो गई। ट्रैक्टर को साइड देने के दौरान बस का स्टेयरिंग फेल हो गया और वह सड़क किनारे करीब 15 फिट गहरी खंती में पलट गई। हादसे के समय बस में करीब 20 बच्चे सवार थे, जिनमें 11 बच्चे घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसा होते ही राहगीरों और खेतों में धान काट रहे किसानों ने मौके पर पहुंचकर बस में फंसे बच्चों को बाहर निकाला। घायल बच्चों को उपचार के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया। पुलिस के अनुसार उपचार के बाद सभी बच्चे सुरक्षित अपने परिजनों के साथ घर चले गए। चालक भी हादसे में बाल-बाल बच गया।
हादसे के बाद ग्रामीणों और अभिभावकों ने स्कूल बस की फिटनेस और रखरखाव पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि बस काफी समय से खराब हालत में चल रही थी और चलते समय पीछे से तेज आवाजें आती थीं। इसकी शिकायत चालक और स्कूल संचालक से किए जाने की बात भी ग्रामीणों ने कही। आरोप है कि इसके बावजूद बस की समय से सर्विस और फिटनेस नहीं कराई गई।
हादसे में कुल्ली मजरा मानुपुर निवासी माही सिंह (7), आयुष सिंह, पीयूष सिंह, खुशबू सिंह (10), अन्नू (7) और शिवम सिंह (7) समेत कोट मजरा दौलतपुर निवासी हर्ष सिंह (7), अयान सिंह (6), श्रीन्स (7) सहित कुल 11 बच्चों के घायल होने की सूचना है। सभी का निजी अस्पताल में उपचार कराया गया।
थाना प्रभारी सत्यपाल सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसा स्टेयरिंग फेल होने के कारण होना सामने आया है। सभी घायल बच्चों को निजी अस्पताल भेजकर उपचार कराया गया। उपचार के बाद सभी बच्चे परिजनों के साथ घर चले गए। घटना की जांच की जा रही है। लापरवाही सामने आने पर स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।