पंचायती राज चुनाव की तैयारियां तेज, एसडीएम ने मतदान केंद्रों का लिया जायजा

अनिल कुमार खींची

ब्यावर । स्मार्ट हलचल।पंचायती राज चुनाव की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। ब्यावर उपखंड अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी जयपाल सिंह राठौड़ ने बुधवार को विभिन्न ग्राम पंचायतों के मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।एसडीएम ने मालीपुर, दुर्गावास, किशनपुरा एवं रामपुर दुदा ग्राम पंचायतों के विद्यालयों में बनाए गए मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की।उन्होंने मतदान केंद्रों पर रैम्प, प्रकाश व्यवस्था, मतगणना हॉल, पेयजल, शौचालय सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्थिति देखी। निरीक्षण के दौरान जहां कहीं व्यवस्थाओं में सुधार की आवश्यकता पाई गई, वहां संबंधित बीएलओ को समय रहते आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।

एसडीएम जयपाल सिंह राठौड़ ने अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्देश दिए कि मतदान केंद्रों पर सभी आवश्यक सुविधाएं सुचारू एवं व्यवस्थित रहें। मतदान दिवस पर मतदाताओं और चुनाव कार्मिकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी सुनिश्चित की जाए।