श्री जोगणियां माता शक्तिपीठ में 11 से 20 अक्टूबर तक शारदीय नवरात्रि धार्मिक महोत्सव

कलश यात्रा से होगा शुभारंभ, महायज्ञ, देवीभागवत कथा, रामलीला, भजन संध्या व जागरण होंगे

बेगूं। स्मार्ट हलचल|श्री जोगणियां माता शक्तिपीठ प्रबंध एवं विकास संस्थान, जोगणियां माताजी में शारदीय नवरात्रि के अवसर पर 11 से 20 अक्टूबर तक धार्मिक महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। संस्थान की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार नवरात्रि महोत्सव के दौरान प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।जोगणिया माता शक्तिपीठ संस्थान के अध्यक्ष सत्यनारायण जोशी ने बताया कि नवरात्रि महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न धार्मिक आयोजनों के साथ आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में महोत्सव में शामिल होकर माता के दर्शन एवं धार्मिक कार्यक्रमों का लाभ लेने का आह्वान किया।महोत्सव का शुभारंभ 11 अक्टूबर रविवार को अभिजीत मुहूर्त में दोपहर 12.05 बजे घट स्थापना एवं ध्वजा रोहण के साथ होगा। इससे पहले सुबह 9.15 बजे वेद विद्यालय से कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें विद्वान पौरोहित्य एवं बैंड की सहभागिता रहेगी।

नवरात्रि के दौरान प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 12 बजे तक दैनिक श्रृंगार, राजोपचार पूजन-अर्चन एवं आरती दर्शन होंगे। इसके साथ ही पंच कुंडीय महायज्ञ एवं शतचंडी पारायण का आयोजन प्रतिदिन सुबह 8.30 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा। श्री पवनपुत्र हनुमानजी मंदिर एवं श्री घोड़ापति बालाजी मंदिर परिसर में अखंड रामायण पाठ भी आयोजित होगा।

धार्मिक महोत्सव के दौरान प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा प्रतिदिन रात 8 बजे से नवरात्रि समापन तक रामलीला का मंचन किया जाएगा। 15 अक्टूबर को रात्रि जागरण तथा 17 अक्टूबर को विशेष भजन संध्या एवं रात्रि जागरण का आयोजन रखा गया है। 18 अक्टूबर को अष्टम दिवस के अवसर पर भव्य महरात्रि जागरण होगा, जबकि 19 अक्टूबर को नवम दिवस रात्रि जागरण एवं भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा।

20 अक्टूबर मंगलवार को अभिजीत मुहूर्त में दोपहर 12.15 बजे पूर्णाहुति के साथ नवरात्रि महोत्सव का समापन होगा। नवरात्रि के दौरान भक्तों की सुविधा के लिए भंडारा एवं अन्य व्यवस्थाएं भी संस्थान की ओर से की जाएंगी।

अध्यक्ष सत्यनारायण जोशी ने बताया कि नवरात्रि महोत्सव के दौरान संस्थान की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा एवं धार्मिक आयोजनों को सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए व्यवस्थाएं की गई हैं।