सफाई और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को लेकर सौंपा ज्ञापन, वार्डों में भेदभाव का लगाया आरोप – तीन दिन में सुधार नहीं तो कलेक्टर से करेंगे शिकायत।
रिपोर्टर महेंद्र कुमार सैनी
स्मार्ट हलचल/नगर फोर्ट नगर पालिका उनियारा में चल रहे सेवा सेतु अभियान के दौरान भाजपा के नवनिर्वाचित पार्षदों ने नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। भाजपा पार्षदों ने अधिशासी अधिकारी के नाम सहायक अभियंता को ज्ञापन सौंपकर शहर की बिगड़ी सफाई और लाइट व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की।भाजपा चेयरमैन प्रत्याशी अभय सिंह शक्तावत और पार्षद पिंटू साहू के नेतृत्व में पार्षद दल सेवा सेतु अभियान का जायजा लेने नगर पालिका पहुंचा था। इस दौरान शिविर में मौजूद अधिकारियों के समक्ष पार्षदों ने आरोप लगाया कि नगर पालिका द्वारा भाजपा समर्थित वार्डों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है।पार्षदों ने कहा कि उनके वार्डों में मूलभूत सुविधाओं का घोर अभाव है। वार्डों में सफाई कर्मी नियुक्त नहीं किए गए हैं, जिसके कारण जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं और नालियां कचरे से अटी पड़ी हैं। स्ट्रीट लाइट व्यवस्था ठप होने से रात के समय पूरे वार्ड में अंधेरा पसरा रहता है, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पार्षदों ने नगर पालिका कर्मियों के भेदभावपूर्ण रवैये पर गहरा रोष व्यक्त किया।
*तीन दिन का अल्टीमेटम, नवरात्र से पहले सफाई की मांग* ज्ञापन में पार्षदों ने तीन दिवस का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि तय समय में व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर आंदोलन किया जाएगा। पार्षदों ने कहा कि एक-दो दिन में नवरात्र का पावन पर्व शुरू होने वाला है, लेकिन शहर के धार्मिक स्थलों के आसपास भी कचरे के ढेर लगे हैं, जिससे लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं।इस पर शिविर में मौजूद सहायक अभियंता, नरेगा अधिकारी और सफाई निरीक्षक ने शीघ्र ही सभी व्यवस्थाओं में सुधार का आश्वासन दिया।
ज्ञापन देने वालों में पार्षद अभय सिंह शक्तावत, पिंटू साहू, चरंजीलाल सैनी, राजेश सैनी, महेश कुशवाहा, विजय महावर, उर्मिला पांचाल, रमेश जांगिड़, शालू पांचाल, लोकेश कुशवाहा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।