कोर्ट के आदेश पर वर्षों पुराने रास्ते से अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम, रिकॉर्ड के अभाव में कार्रवाई अधूरी

ग्राम न्यायालय दौसा के इजराय प्रकरण संख्या 08/2025 में कार्रवाई के लिए पहुंची न्यायालय की टीम, राजस्व रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं होने से नहीं हट सका पूरा अतिक्रमण

 

(अमर चन्द बैरवा)

दौसा|स्मार्ट हलचल|कुण्डल तहसील मुख्यालय क्षेत्र में वर्षों पुराने रास्ते से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई गुरुवार को न्यायालय के आदेश पर शुरू हुई, लेकिन आवश्यक पुराना राजस्व रिकॉर्ड मौके पर उपलब्ध नहीं होने के कारण कार्रवाई पूरी नहीं हो सकी। ग्राम न्यायालय दौसा के इजराय प्रकरण संख्या 08/2025, हरिशंकर शर्मा बनाम भीखनारायण शर्मा में जारी आदेश की पालना को लेकर जिला एवं सेशन न्यायालय दौसा की टीम मौके पर पहुंची थी।कार्रवाई के दौरान सैल अमीन विनोद कुमार शर्मा के नेतृत्व में न्यायालय की टीम, कुण्डल तहसीलदार जितेंद्र, संबंधित पटवारी तथा कोलवा थाना पुलिस का जाप्ता मौके पर मौजूद रहा। टीम ने न्यायालय के आदेश के अनुरूप विवादित रास्ते का मौका निरीक्षण कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की।

*पुराना राजस्व रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं होने से अटकी कार्रवाई*

मौके पर मौजूद सैल अमीन विनोद कुमार शर्मा के अनुसार न्यायालय के आदेश में विवादित रास्ते से अतिक्रमण हटाने के लिए आवश्यक पुराने राजस्व रिकॉर्ड के साथ राजस्व टीम की मौके पर मौजूदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे। कार्रवाई के दौरान न्यायालय की टीम ने मौके पर संबंधित पुराना राजस्व रिकॉर्ड उपलब्ध कराने की आवश्यकता जताई, लेकिन पूरा रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं होने के कारण कार्रवाई को आगे बढ़ाने में परेशानी सामने आई।

*रास्ता पूरी तरह नहीं हो सका अतिक्रमण मुक्त*

आवश्यक रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं होने के चलते विवादित रास्ते से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी तरह नहीं हो सकी। ऐसे में वर्षों पुराने रास्ते को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराने की प्रक्रिया अधूरी रह गई।

मौके पर मौजूद राजस्व अधिकारियों की ओर से न्यायालय के आदेश की पालना को लेकर अलग-अलग स्थिति सामने आने से भी कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी। न्यायालय की टीम का कहना था कि आदेश के अनुसार आवश्यक रिकॉर्ड के साथ राजस्व अमले की मौजूदगी जरूरी थी।

अब लोगों की नजर इस बात पर है कि न्यायालय के आदेश की पूर्ण पालना के लिए अगली कार्रवाई कब होगी और वर्षों पुराने विवादित रास्ते को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कर आमजन के आवागमन के लिए कब खोला जाएगा।