सीएचसी भवन निर्माण में बरती गई अनियमितता की जांच करवाने की मांग को लेकर किया विरोध प्रदर्शन

सूरौठ।स्मार्ट हलचल|कस्बा सूरौठ में तहसील कार्यालय के पास करीब साढ़े पांच करोड़ रुपए की लागत से बनाए गये राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भवन निर्माण में बरती गई अनियमितताओं की जांच करने की मांग को लेकर गुरुवार को कस्बे के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया एवं अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा फाउंडेशन के प्रदेश सचिव प्रमोद तिवाड़ी सहित काफी लोग सुबह 11 बजे के करीब पुलिस चौकी सर्किल के पास एकत्रित हुए तथा विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश सचिव तिवाड़ी ने बताया कि राज्य सरकार ने आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से करीब साढ़े पांच करोड़ रुपए की लागत से सूरौठ कस्बे में राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कराया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अधिकारियों एवं ठेकेदार की मिलीभगत के चलते निर्माण कार्य में तय मानकों की अनदेखी की गई है। निर्माण कार्य ड्राइंग एवं तकमीना के अनुसार नहीं किया गया है। घटिया सीमेंट, मानक से कम सरिया और गुणवत्ता हीन सामग्री के उपयोग के कारण भवन में उद्घाटन से पहले ही दरारें आ गई है। लोगों ने राज्य के मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, चिकित्सा मंत्री, भरतपुर संभागीय आयुक्त एवं करौली जिला कलेक्टर से अनियमितताओं की उच्च स्तरीय जांच करवाने एवं निर्माण कार्य में अनियमितता बरतने वाले राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अधिकारियों व ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।