बीए द्वितीय सेमेस्टर के परिणाम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के बैक आने पर NSUI ने उठाई आवाज

NSUI परिवार निंबाहेड़ा ने प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन, उत्तर पुस्तिकाओं की पुनः जांच एवं पुनर्मूल्यांकन की मांग

*निंबाहेड़ा, 09 अक्टूबर, (✍🏻 ज़ाकिर हुसैन)।*
स्मार्ट हलचल|मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय, उदयपुर की ओर से हाल ही में घोषित बीए द्वितीय सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के विभिन्न विषयों में बैक आने के मामले को लेकर NSUI परिवार निंबाहेड़ा के पदाधिकारियों एवं विद्यार्थियों ने राजकीय महाविद्यालय, निंबाहेड़ा के प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में बताया गया कि कई विद्यार्थियों ने पर्याप्त तैयारी के साथ परीक्षा दी थी, इसके बावजूद उनके एक से अधिक विषयों में बैक आई है। इससे विद्यार्थियों में असंतोष एवं चिंता है। परीक्षा परिणाम में संभावित मूल्यांकन अथवा तकनीकी त्रुटियों की निष्पक्ष जांच कर विद्यार्थियों को राहत देने की मांग की गई।

*NSUI ने रखीं प्रमुख मांगें*

संगठन ने बीए द्वितीय सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम की निष्पक्ष एवं पारदर्शी पुनः जांच करवाने, एक से अधिक विषयों में बैक आने वाले विद्यार्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं का नियमानुसार पुनर्मूल्यांकन अथवा पुनः सत्यापन करने तथा मूल्यांकन संबंधी त्रुटि पाए जाने पर संशोधित परिणाम शीघ्र जारी करने की मांग की।

*NSUI पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता रहे मौजूद*

इस दौरान NSUI इकाई अध्यक्ष सुमित जाट, उपाध्यक्ष कृष्ण मीना, महासचिव आदित्य जाट एवं सुमित कुमावत, मीडिया संयोजक रौनक जाट, नगर महासचिव करण सिंह राठौर तथा विधानसभा महासचिव निखिल आंजना सहित सचिव जशपाल, रोहित, दिलीप, दीक्षित, फैजल एवं उज्ज्वल उपस्थित रहे।

NSUI परिवार ने विश्वविद्यालय प्रशासन से पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए विद्यार्थियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने का आग्रह किया, ताकि परीक्षा परिणाम से संबंधित संभावित त्रुटियों के कारण विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति एवं भविष्य प्रभावित नहीं हो।