जोबनेर में पंचायत चुनावों को लेकर भाजपा का मंथन, कार्यकर्ताओं की सहमति से प्रत्याशी तय करने पर जोर

मदन राठौड़, राज्यवर्धन राठौड़ और राव राजेंद्र सिंह की मौजूदगी में पंचायत चुनावों पर चर्चा, टिकट चयन में कार्यकर्ताओं की भूमिका अहम

जोबनेर पंचायत चुनाव: संबंधित वार्ड के कार्यकर्ता आपसी सहमति से तय करें प्रत्याशी का नाम—कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़

अजय सिंह (चिंटू)

जोबनेर-स्मार्ट हलचल|आगामी पंचायतीराज चुनावों को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के आवास पर पहुंचकर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ चाय पर चर्चा की। इस दौरान सांसद राव राजेंद्र सिंह भी मौजूद रहे। बैठक में जोबनेर क्षेत्र में पंचायत चुनावों की तैयारियों और प्रत्याशियों के चयन में कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि पंचायत चुनावों में संबंधित वार्ड के कार्यकर्ताओं को आपस में बैठकर प्रत्याशी के नाम पर चर्चा करनी चाहिए और सर्वसम्मति से एक नाम तय करने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं की सहमति और संगठन के भीतर आपसी समन्वय को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया में स्थानीय कार्यकर्ताओं की राय को महत्व दिया जाना चाहिए।
कर्नल राठौड़ ने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता उनके परिवार का हिस्सा है। कार्यकर्ताओं का परिश्रम और समर्पण ही संगठन की ताकत है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि पार्टी में कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान का पूरा ध्यान रखा जाएगा। साथ ही सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पंचायत चुनावों की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
वहीं, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ की मौजूदगी में हुई इस चर्चा को जोबनेर क्षेत्र में पंचायत चुनावों की तैयारियों और प्रत्याशी चयन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सांसद राव राजेंद्र सिंह की मौजूदगी में हुए संवाद के दौरान संगठनात्मक समन्वय और कार्यकर्ताओं की भागीदारी पर भी चर्चा हुई।
बैठक का मुख्य संदेश यही रहा कि पंचायत चुनावों में टिकट के दावेदारों के नाम पर चर्चा करते समय संबंधित वार्ड के कार्यकर्ताओं की राय और आपसी सहमति को महत्व दिया जाए, ताकि प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया में संगठन के भीतर बेहतर तालमेल बना रहे।