शिवराज बारवाल मीना
टोंक/अलीगढ़ । पीएमश्री महात्मा गांधी राजकीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया का आधिकारिक कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार इस वर्ष प्रवेश प्रक्रिया पिछले वर्षों की तुलना में पहले शुरू की जा रही है, ताकि समय पर प्रवेश देकर नया शैक्षणिक सत्र सुचारू रूप से प्रारंभ किया जा सके।
पीएमश्री महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय अलीगढ के प्रधानाचार्य सत्येंद्र पाल सिंह ने बताया कि विद्यालय में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन 14 मार्च से 23 मार्च 2026 तक किए जा सकेंगे। प्राप्त आवेदनों की सूची एवं रिक्त सीटों का प्रकाशन 24 मार्च को किया जाएगा। यदि किसी कक्षा में सीटों से अधिक आवेदन प्राप्त होते हैं तो चयन 25 मार्च को लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों की सूची 27 मार्च को विद्यालय के नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित की जाएगी, जबकि प्रवेश प्रक्रिया 28 मार्च से शुरू होगी। नया शैक्षणिक सत्र 01 अप्रैल 2026 से प्रारंभ किया जाएगा। आवेदन शाला दर्पण पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन भरे जाएंगे। अभिभावक विद्यालय परिसर में लगाए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर भी आवेदन कर सकते हैं। कक्षा 1 में सभी सीटों पर नए प्रवेश होंगे, जबकि कक्षा 2 से 12 तक केवल रिक्त सीटों पर ही प्रवेश दिया जाएगा। नए प्रवेश के लिए विद्यार्थियों का आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र तथा पूर्व कक्षा की मार्कशीट व टीसी (यदि लागू हो) आवश्यक दस्तावेज होंगे। प्रधानाचार्य ने अभिभावकों से समय पर आवेदन करने की अपील की है, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में अध्ययन का लाभ ले सकें।
