यंगथॉन 3.0 के लिए 3500 से अधिक पंजीयन, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने किया विमोचन

25 अक्टूबर को होगी दौड़, 24 अक्टूबर को एक्सपो डे पर भी करा सकेंगे पंजीकरण

कोटा, 10 अक्टूबर। स्मार्ट हलचल|सरकारी विद्यालयों में शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार और विद्यार्थियों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित होने वाली यंगथॉन 3.0 के प्रति लोगों में उत्साह देखने को मिल रहा है। शनिवार को पंजीयन की अंतिम तिथि तक जयपुर, उदयपुर सहित समूचे हाड़ौती संभाग से 3500 से अधिक प्रतिभागियों ने दौड़ के लिए पंजीकरण कराया है। इसी क्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने यंगथॉन 3.0 के पोस्टर का विमोचन कर शिक्षा के क्षेत्र में इस पहल की सराहना की।

यंग इंडियंस कोटा चैप्टर और रियल टेंपल्स ऑफ इंडिया की ओर से 25 अक्टूबर को आयोजित होने वाली इस दौड़ की थीम ‘रन फॉर एजुकेशन’ रखी गई है। इसके माध्यम से चयनित राजकीय विद्यालयों में फर्नीचर, आरओ वाटर प्यूरीफायर, नोटबुक सहित विद्यार्थियों के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहयोग किया जाएगा। पोस्टर विमोचन के दौरान ओम बिरला ने शिक्षा सुविधाओं के विकास से जुड़ी ऐसी पहल को महत्वपूर्ण बताया।

चेप्टर चेयर अंकित राठी व को—चेयर अंकित गुप्ता ने बताया कि शनिवार को ऑनलाइन पंजीयन की प्रक्रिया पूरी हो गई है। हालांकि, निर्धारित समय तक पंजीकरण नहीं करा सके प्रतिभागियों को 24 अक्टूबर को एक्सपो डे के अवसर पर मौके पर ही पंजीयन कराने का अवसर मिलेगा।

यंगथॉन में 5 किलोमीटर की फन रन एवं वॉक और 10 किलोमीटर की टाइम्ड रन आयोजित होगी। इसमें 18 से 100 वर्ष तक की आयु के प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे। दौड़ 25 अक्टूबर को सुबह 6 बजे श्री उम्मेद क्लब, नयापुरा से शुरू होगी।