(मोहम्मद आज़ाद नेब)
जहाजपुर| स्मार्ट हलचल|पीटीआई (शारीरिक शिक्षक) की फर्जी मार्कशीट तैयार कर उपयोग करने के मामले में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।जानकारी के अनुसार एसओजी ने इस मामले में ज्योतिराज सिंह राजपूत निवासी जामोली, योगेंद्र सिंह शक्तावत पीटीआई, सीनियर सेकेंडरी स्कूल पंडेर, तथा ममता योगी निवासी सवाई माधोपुर को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि ममता योगी के पति पंडेर स्थित संस्कृत स्कूल में अध्यापक हैं।
पंडेर थानाधिकारी कमलेश मीणा ने बताया कि योगेंद्र सिंह शक्तावत इस पूरे फर्जीवाड़े का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है, जो पीटीआई की फर्जी मार्कशीट तैयार करवाने और उन्हें उपलब्ध कराने का काम कर रहा था।
पुलिस के अनुसार रीट परीक्षा 2022–23 की काउंसलिंग के दौरान इन सर्टिफिकेटों का उपयोग किया गया था। जांच में ये सर्टिफिकेट फर्जी पाए जाने के बाद एसओजी ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
एसओजी की टीम फिलहाल आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि इस गिरोह के माध्यम से कितने लोगों को फर्जी मार्कशीट उपलब्ध करवाई गई। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आने की भी संभावना जताई जा रही है।
