कुंवर जी महाराज के मेले के समापन पर लिया निर्णय, शिक्षा, चिकित्सा और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग के लिए होगा उपयोग
शिवराज बारवाल मीना
टोंक/दूनी। क्षेत्र के बंथली गांव के युवा समाजसेवी एवं भामाशाह नीरज मीणा ने समाजसेवा की अनूठी मिसाल पेश करते हुए अपनी एक बीघा जमीन ग्रामीणों के लोककल्याण के लिए दान करने का निर्णय लिया है। करीब 10 लाख रुपए मूल्य की इस जमीन का उपयोग शिक्षा, चिकित्सा सुविधाओं तथा जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग जैसे सामाजिक कार्यों के लिए किया जाएगा। इस अवसर पर उनके पिता शिवजी लाल मीणा भी मौजूद रहे।
श्री कुंवर जी महाराज के पावन मेले के समापन अवसर पर ग्रामीणों से मिले स्नेह और समर्थन से अभिभूत होकर नीरज मीणा ने यह जमीन गांव के विकास के लिए समर्पित करने का निर्णय लिया। उनकी इस पहल को ग्रामीण विकास और सामाजिक सरोकारों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नीरज मीणा ने कहा कि समय और परिस्थितियां बदल सकती हैं, लेकिन बच्चों का भविष्य और बुजुर्गों का स्वास्थ्य इंतजार नहीं कर सकता। यह त्याग नहीं, बल्कि उस माटी का कर्ज चुकाने का प्रयास है, जिसने उन्हें पहचान दी है।
*शिक्षा, चिकित्सा और जरूरतमंदों को मिलेगी प्राथमिकता*
दान की गई जमीन के माध्यम से गांव में तीन प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग को प्राथमिकता देने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों और बेटियों को उच्च शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने तथा उनकी शैक्षणिक जरूरतों में मदद करना शामिल है। इसी तरह बुजुर्गों और बीमार लोगों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए गांव में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं विकसित करने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में सामाजिक सहयोग उपलब्ध कराने की योजना भी इस पहल का हिस्सा है।
*ग्रामीणों ने जताया आभार*
नीरज मीणा के इस निर्णय पर ग्रामीणों ने आभार व्यक्त करते हुए इसे समाजहित में प्रेरणादायक पहल बताया। ग्रामीणों का मानना है कि शिक्षा, स्वास्थ्य और जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए भूमि समर्पित करने से गांव में सामाजिक सहयोग की भावना मजबूत होगी। भामाशाह नीरज मीणा की यह पहल अन्य लोगों को भी जनहित और लोककल्याण के कार्यों के लिए प्रेरित कर सकती है।