जिला स्तरीय प्रतियोगिता में करेंगे विद्यालय का प्रतिनिधित्व, विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा और नवाचार
आकोला (रमेशचंद्र डाड)
स्मार्ट हलचल|पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बिश्ननिया में सत्र 2026-27 के अंतर्गत कोटड़ी ब्लॉक स्तरीय ‘प्रबल’ कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम में कोटड़ी ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और नवाचार का प्रदर्शन किया।कार्यक्रम के दौरान कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों ने विभिन्न थीम पर आधारित गतिविधियों में हिस्सा लिया। निर्णायक मंडल ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों का अवलोकन करते हुए उनकी प्रतिभा, नवाचार क्षमता और 21वीं सदी के आवश्यक कौशलों का मूल्यांकन किया।
निर्णायक मंडल में अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कोटड़ी कल्पना कुर्मी, पारोली के प्रधानाचार्य रियाज मोहम्मद, व्याख्याता जीतमल धाकड़ तथा स्थानीय विद्यालय के एक छात्र एवं एक छात्रा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्रतियोगिता के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर स्थानीय विद्यालय की छात्रा नैना धाकड़ एवं छात्र दिनेश गाडरी का चयन किया गया। दोनों विद्यार्थी अब आगामी जिला स्तरीय ‘प्रबल’ कार्यक्रम में विद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कार्यक्रम का संचालन प्रभारी व्याख्याता सुरज्ञान मीणा एवं पूजा नामा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। विद्यार्थियों के चयन से विद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल रहा। यह आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने, नवाचार को प्रोत्साहित करने तथा उनमें आवश्यक कौशल विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हुआ।