आसींद न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन, 239 प्रकरणों का हुआ निस्तारण

आसींद। माननीय राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार वर्ष 2026 की प्रथम राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन शनिवार को न्यायालय परिसर आसींद में किया गया। लोक अदालत में न्यायालय एवं राजस्व से जुड़े विभिन्न प्रकार के प्रकरणों का आपसी सहमति से निस्तारण किया गया। आयोजित लोक अदालत के लिए गठित बैंच की अध्यक्षता सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट आसींद श्याम शर्मा ने की,जबकि उपखण्ड अधिकारी परमजीत सिंह सदस्य के रूप में मौजूद रहे। लोक अदालत में बड़ी संख्या में पक्षकारों ने भाग लेकर आपसी सहमति से अपने प्रकरणों का समाधान कराया। तालुका सचिव निखिलेश जीनगर ने जानकारी देते हुए बताया कि लोक अदालत में राजीनामा योग्य फौजदारी प्रकरण, धन वसूली, भरण-पोषण, जल एवं बिजली से जुड़े मामले, भूमि विवाद, पारिवारिक प्रकरण, मोटर वाहन दुर्घटना बीमा, बैंक एवं राजस्व विवाद सहित कई प्रकार के मामलों का निस्तारण किया गया। उन्होंने बताया कि न्यायालय में लंबित राजीनामा योग्य प्रकरणों तथा प्रिलिटीगेशन मामलों सहित कुल 239 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। इन मामलों में कुल ₹72,67,774 की राशि के अवार्ड पारित किए गए। लोक अदालत के सफल आयोजन में न्यायालय आसींद के कर्मचारीगण, विद्युत विभाग के अधिकारी तथा विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों ने सहयोग प्रदान किया। लोक अदालत के माध्यम से पक्षकारों को त्वरित न्याय मिलने के साथ ही समय और धन की भी बचत हुई।