शौकीन काठात ने की घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
अनिल कुमार खींची
ब्यावर। स्मार्ट हलचल।शहर में आरटीआई कार्यकर्ताओं पर हुए जानलेवा हमले को लेकर आम आदमी पार्टी, जिला ब्यावर ने कड़ी नाराजगी जताते हुए घटना की निंदा की है। पार्टी ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष शौकीन काठात ने कहा कि सूचना का अधिकार अधिनियम आम नागरिकों को सरकारी कामकाज में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने का अधिकार देता है। ऐसे में जनहित के मुद्दे उठाने वाले आरटीआई कार्यकर्ताओं पर हमला होना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सवाल पूछना अपराध नहीं, बल्कि नागरिक का अधिकार है। सवाल उठाने वालों को यदि हमलों का सामना करना पड़ेगा, तो आमजन अपने अधिकारों के लिए आवाज कैसे उठाएंगे?
काठात ने कहा कि किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जा सकती। इस तरह की घटनाएं लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ-साथ शहर की शांति और कानून-व्यवस्था के लिए भी चुनौती हैं। उन्होंने प्रशासन से पीड़ितों को न्याय दिलाने, घायल कार्यकर्ताओं को उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा पीड़ितों और उनके परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि जनहित में भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने वाले आरटीआई कार्यकर्ताओं को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। यदि जांच में पुलिस की लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जानी चाहिए।
आम आदमी पार्टी ने जिला प्रशासन से मामले में तत्काल संज्ञान लेकर निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की, ताकि दोषियों को सजा मिले और आमजन का कानून-व्यवस्था पर विश्वास बना रहे।
इस दौरान खियाराम सिंगारिया, इकबाल काठात, शौकत पठान, राजू सिंह रावत, गोपी काठात, मोहम्मद शौकीन कुरैशी, मस्तान काठात, रफीक काठात, भीमा काठात सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।