बिजोलिया में खाली भूखंडों में कचरा डालने वालों पर होगी कार्रवाई – नगर पालिका

बिजौलिया । राजस्थान दिवस सप्ताह के अंतर्गत नगर पालिका की ओर से स्वच्छता सप्ताह के तहत स्वच्छता संकल्प एवं जन-जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी पंकज कुमार मंगल, स्वच्छ भारत मिशन के ब्रांड एम्बेसडर मनोज गोधा व शिव कुमार तेली सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी और नागरिक उपस्थित रहे। इस दौरान सभी ने नगर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया।अधिशासी अधिकारी पंकज कुमार मंगल ने कहा कि स्वच्छता केवल नगर पालिका या प्रशासन का ही दायित्व नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से घरों में गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फैलाने की अपील की। कार्यक्रम के तहत नगर पालिका चौक से फूटा कोट, रावला चौक, छोटा दरवाजा, हॉस्पिटल रोड होते हुए बड़े चारभुजा नाथ मंदिर तक स्वच्छता रैली निकाली गई। रैली के दौरान नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया और कई स्थानों पर सफाई कर श्रमदान भी किया गया। नगर पालिका प्रशासन ने बताया कि शहर में कई खाली भूखंडों पर कचरा डालने की समस्या सामने आ रही है, जिससे गंदगी और बीमारियों का खतरा बढ़ता है। ऐसे में भूखंड स्वामियों से अपने प्लॉट की नियमित सफाई रखने और बाउंड्री वॉल बनाने का आग्रह किया गया है। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि सफाई व्यवस्था नहीं की गई तो नगर पालिका द्वारा कार्रवाई करते हुए सफाई करवाई जाएगी और इसका खर्च संबंधित भूखंड स्वामी से वसूला जाएगा। अधिशासी अधिकारी ने नागरिकों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन और आमजन के संयुक्त प्रयासों से ही बिजौलिया को स्वच्छ और स्वस्थ बनाया जा सकता है।