अवैध असलहों के बल पर राहगीरों से लूटपाट और खाते से रुपये ट्रांसफर कराने का आरोप, चार अन्य की तलाश
स्मार्ट हलचल|खखरेरू/फतेहपुर खखरेरू पुलिस ने लूटपाट के मामलों में शामिल बताए जा रहे पांच आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने गैंग के एक सदस्य को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।पुलिस के अनुसार, आरोपी संगठित गिरोह बनाकर अवैध असलहों के बल पर राहगीरों को रोकते थे। इसके बाद मारपीट कर लूटपाट करने और डरा-धमकाकर लोगों के बैंक खातों से रुपये ट्रांसफर कराने का आरोप है। गिरोह की आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए जिलाधिकारी फतेहपुर ने नौ अक्टूबर को गैंगचार्ट अनुमोदित किया था।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान धर्मेंद्र कुमार उर्फ टेलर निवासी कुड़ी मोहल्ला, खखरेरू के रूप में हुई है। वहीं, गिरोह के कथित सरगना अशोक कुमार उर्फ झल्लर निवासी गांधीनगर, खखरेरू के अलावा सूरज कुमार उर्फ टुनटुन धोबी निवासी गांधीनगर, ओमवीर उर्फ मेहमान निवासी सोथरापुर और कन्हैया सहरिया निवासी विदिशा, मध्य प्रदेश को भी गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में शामिल किया गया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ पूर्व में लूट और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। थाना प्रभारी सत्यपाल सिंह ने बताया कि गैंगस्टर एक्ट के तहत एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। शेष आरोपियों की तलाश की जा रही है।