शाहपुरा सिंधी पंचायत के चुनाव संपन्न, लीलाराम वासवानी अध्यक्ष निर्वाचित

शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी
पूज्य सिंधी पंचायत शाहपुरा के चुनाव शनिवार रात संत कंवर राम धर्मशाला में शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुए। समाज के सदस्यों की सक्रिय भागीदारी के बीच हुए इस चुनाव में लीलाराम वासवानी को अध्यक्ष, नरेश लखपतानी को सचिव और अशोक थावानी को कोषाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया। चुनाव परिणाम की घोषणा होते ही धर्मशाला परिसर में खुशी का माहौल छा गया और उपस्थित समाजजन ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूलमालाओं से स्वागत कर उन्हें बधाई दी।
चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारी समाज के सदस्यों के साथ पूज्य झूलेलाल मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान झूलेलाल के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर सभी ने समाज की एकता, विकास और सामाजिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
चुनाव टीम में अशोक आसवानी, नीरज राजवानी, विजय ठारवानी, हरिश छबलानी और ओम थावानी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी देखरेख में मतदान और मतगणना की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई गई।
चुनाव परिणाम के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में लीलाराम वासवानी को 54 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी चेतन चंचलानी को 48 मत मिले। इसी प्रकार सचिव पद के लिए हुए चुनाव में नरेश लखपतानी को 71 मत मिले, जबकि मोहनलाल केवलानी को 32 मतों से संतोष करना पड़ा। कुल 104 समाजजनों ने मतदान में भाग लेकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी निभाई।
मतगणना के बाद जैसे ही परिणाम घोषित हुए, उपस्थित समाजजनों ने जयकारों के साथ विजयी प्रत्याशियों का स्वागत किया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष लीलाराम वासवानी ने सभी समाजजनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे समाज के सभी सदस्यों को साथ लेकर कार्य करेंगे और सामाजिक एकता व विकास को प्राथमिकता देंगे। उन्होंने समाज के युवाओं को भी सामाजिक गतिविधियों में आगे आने का आह्वान किया।
वहीं निर्वतमान अध्यक्ष मोहन लखपतानी ने भी चुनाव प्रक्रिया में सहयोग करने वाले सभी समाजजनों का आभार व्यक्त किया और नवनिर्वाचित टीम को शुभकामनाएं दी। उन्होंने विश्वास जताया कि नई कार्यकारिणी समाज के हित में बेहतर कार्य करेगी और सिंधी समाज की परंपराओं और संस्कारों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
चुनाव के दौरान समाज के अनेक वरिष्ठ सदस्य और गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे, जिन्होंने पूरी प्रक्रिया को सौहार्दपूर्ण और लोकतांत्रिक बताया। चुनाव संपन्न होने के बाद समाज में उत्साह का माहौल देखने को मिला और सभी ने मिलकर सिंधी समाज की एकता और प्रगति के लिए कार्य करने का संकल्प दोहराया।