पट्टे, स्ट्रीट लाइट, जन्म-मृत्यु पंजीयन सहित विभिन्न सेवाओं से जुड़े मामलों का किया निस्तारण, 16 अक्टूबर को सभी 60 वार्डों के लिए लगेगा शिविर
गंगापुर सिटी।स्मार्ट हलचल|नगर परिषद गंगापुर सिटी की ओर से सेवा सेतु अभियान-2026 के तहत गुरुवार को वार्ड संख्या 31 से 60 तक के लिए फॉलोअप शिविर नगर परिषद सभागार में आयोजित किया गया। शिविर में आमजन की समस्याओं और विभिन्न विभागों से संबंधित प्रकरणों का निस्तारण कर राहत प्रदान की गई।नगर परिषद आयुक्त ने बताया कि नगरीय विकास विभाग एवं स्वायत्त शासन विभाग के निर्देशों की पालना में 7 अक्टूबर से सेवा सेतु अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत सफाई, स्ट्रीट लाइट, कृषि भूमि नियमन, लीज डीड, पुरानी आबादी, 69-ए एवं स्कीम के पट्टे, भवन निर्माण स्वीकृति, नाम हस्तांतरण, जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जनाधार कार्ड, पेंशन, पालनहार योजना, खाद्य सुरक्षा तथा पेयजल एवं सीवरेज से संबंधित मामलों का निस्तारण किया जा रहा है।
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एक ही स्थान पर सेवाएं उपलब्ध कराईं। इस दौरान प्राप्त शिकायतों एवं परिवादों का भी निस्तारण किया गया।
शिविर में इन प्रकरणों का हुआ निस्तारण
15 अक्टूबर को आयोजित शिविर में 7 पट्टे, 1 भवन निर्माण स्वीकृति, 2 नाम हस्तांतरण, 10 स्ट्रीट लाइट, 1 यूडी टैक्स, जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन के 33 प्रकरण, घर-घर कचरा संग्रहण के 5 मामले, पूरक पोषाहार के 8 प्रकरण, 3 पेंशन, पालनहार योजना के 10 तथा जनाधार के 15 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। इसके अलावा विद्युत विभाग के 4 और पेयजल से संबंधित 6 प्रकरणों सहित अन्य मामलों का भी समाधान किया गया।
16 अक्टूबर को सभी 60 वार्डों के लिए शिविर
नगर परिषद की ओर से शुक्रवार, 16 अक्टूबर को वार्ड संख्या 1 से 60 तक के लिए सेवा सेतु अभियान-2026 का फॉलोअप शिविर नगर परिषद सभागार में आयोजित किया जाएगा। नगर परिषद प्रशासन ने आमजन एवं वार्डवासियों से शिविर में उपस्थित होकर उपलब्ध सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की है।