गोपालपुरा टोल प्लाजा की अव्यवस्थाओं पर ग्रामीणों में आक्रोश, सुधार नहीं होने पर पंचायती राज चुनाव बहिष्कार की चेतावनी
स्मार्ट हलचल|काछोला 15 अक्टूबर क्षेत्र के मानपुरा पंचायत क्षेत्र स्थित स्टेट हाईवे-134 (त्रिवेणी–जहाजपुर वाया काछोला) स्थित गोपालपुरा टोल प्लाजा पर कथित अवैध वसूली, कर्मचारियों के अशिष्ट व्यवहार, अव्यवस्थाओं और स्थानीय वाहन चालकों वाहनों के साथ भेदभाव को लेकर क्षेत्रवासियों में रोष व्याप्त है। गुरुवार को ग्रामीणों एवं वाहन चालकों ने जिला कलेक्टर भीलवाड़ा के नाम काछोला तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और संबंधित संवेदक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की,वही तहसील कार्यालय के बाहर जमकर विरोध प्रदर्शन कर नारेबाजी की ।
दी चुनाव बहिष्कार की चेतावनी -ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन के साथ आगामी पंचायती राज चुनावों का बहिष्कार किया जाएगा।
फास्टैग से कटौती के बाद नकद वसूली का आरोप
काछोला निवासी इरफान लोहार ने शिकायत में बताया कि 12 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे गोपालपुरा टोल प्लाजा पर उनकी गाड़ी संख्या RJ06GB6087 के रिटर्न टोल के रूप में फास्टैग खाते से 105 रुपये कट गए। इसके बावजूद टोल कर्मचारियों ने वाहन रोककर कथित रूप से डराया-धमकाया और 260 रुपये नकद वसूल लिए। शिकायतकर्ता के अनुसार, रसीद में वाहन संख्या RJ06GB6087 के स्थान पर RJ06UB6087 दर्ज की गई। उन्होंने इसे गंभीर मामला बताते हुए सीसीटीवी फुटेज, फास्टैग लेनदेन और जारी रसीद की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की।
बिना यूनिफॉर्म और आईडी कार्ड के काम करने का आरोप
ज्ञापन में वाहन चालकों एवं ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि टोल प्लाजा पर तैनात कई कर्मचारी निर्धारित यूनिफॉर्म और पहचान पत्र के बिना काम कर रहे हैं। इससे कर्मचारियों की पहचान करने में परेशानी होती है। ग्रामीणों ने टोल परिसर में पर्याप्त रोशनी नहीं होने और शौचालयों में गंदगी की समस्या उठाते हुए कहा कि शुल्क वसूली के बावजूद यात्रियों को बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं।
स्थानीय वाहनों को छूट देने में भेदभाव का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि मानपुरा और महुआ क्षेत्र के वाहन चालकों को पहचान पत्र दिखाने पर टोल शुल्क में छूट दी जा रही है, जबकि काछोला, धामनिया, राजगढ़, थलकला, सरथला और जगपुरा सहित आसपास के अन्य गांवों के वाहन चालकों से टोल वसूला जा रहा है। ग्रामीणों ने सभी पात्र स्थानीय गांवों के वाहनों के लिए समान नियम लागू करने की मांग की।
मांगें नहीं मानीं तो आंदोलन और चुनाव बहिष्कार
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि टोल प्लाजा की व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया और स्थानीय पात्र वाहनों को नियमानुसार छूट नहीं मिली तो क्षेत्रवासी आंदोलन करेंगे। साथ ही आगामी पंचायती राज चुनावों के बहिष्कार की चेतावनी भी दी। ज्ञापन की प्रतियां मुख्यमंत्री राजस्थान सरकार, उपखंड अधिकारी मांडलगढ़, तहसीलदार काछोला, आरएसआरडीसी देवली के परियोजना निदेशक अनिल कुमार तथा मांडलगढ़ विधायक गोपाल खंडेलवाल को भी भेजी गई हैं।
इनका कहना –
टोल मैनेजर ने कहा—नकद राशि वापस कराई जाएगी
गोपालपुरा टोल प्लाजा के मैनेजर हिम्मत सिंह ने बताया कि यदि फास्टैग से राशि कटने के साथ नकद भुगतान भी लिया गया है तो अतिरिक्त राशि वापस कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि मानपुरा और महुआ क्षेत्र को टोल छूट देने की व्यवस्था विधायक के प्रयासों से पुरानी कंपनी के समय से चली आ रही है। कर्मचारियों द्वारा वाहन चालकों से अभद्रता किए जाने की शिकायत मिलने पर संबंधित कर्मचारी को टोल प्लाजा से हटाया जाएगा।
टोल मैनेजर
हिम्मत सिंह
आरएसआरडीसी यूनिट चित्तौड़ के एईएन सुनील कुमार अधिकारी बोले—सीसीटीवी फुटेज खंगालेंगे
आरएसआरडीसी यूनिट चित्तौड़गढ़ के एईएन सुनील कुमार ने बताया कि गोपालपुरा टोल प्लाजा पर फास्टैग और नकद दोनों माध्यमों से राशि लेने का मामला सामने आया है। इस संबंध में टोल प्लाजा मैनेजर से जानकारी ली जा रही है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। संपूर्ण मामले की जांच की जा रही है।
एईएन
सुनील कुमार
ज्ञापन सौंपने के दौरान इरफान मोहम्मद, राजेंद्र सिंह , कालू मंत्री, विजय राज सोनी, गोपाल आचार्य, राकेश मालू, लोकेश खटीक, देवी बलाई, मनीष बलाई और कालू आचार्य सहित ग्रामीण एवं वाहन चालक मौजूद रहे।