काछोला 15 अक्टूबर-स्मार्ट हलचल|क्षेत्र के धामनिया पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में गुरुवार को व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत फूड प्रोसेसिंग विषय पर विशेष गेस्ट लेक्चर का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में गेस्ट लेक्चरर शैतान सिंह ने कक्षा 9 से -12 के 150विद्यार्थियों को अलग अलग बैच में सेब का जैम बनाने की संपूर्ण वैज्ञानिक एवं प्रायोगिक विधि समझाई। उन्होंने बताया कि जैम बनाने के लिए पके हुए सेबों का चयन, उनकी अच्छी तरह धुलाई, छिलका उतारना, गूदा निकालना, चीनी और साइट्रिक एसिड का सही अनुपात मिलाना तथा उचित तापमान पर पकाना सबसे महत्वपूर्ण चरण है।
शैतान सिंह ने बताया कि सेब के गूदे को चीनी के साथ तब तक पकाया जाता है, जब तक वह 105 डिग्री सेल्सियस तापमान पर जमने की स्थिति में न आ जाए। इसके बाद उसे गर्म अवस्था में ही साफ व स्टरलाइज्ड बोतलों में भरकर एयरटाइट सील किया जाता है। उन्होंने जैम की गुणवत्ता जांचने के लिए प्लेट टेस्ट और शीट टेस्ट विधि भी करके दिखाई। साथ ही जैम के खराब होने के कारणों और उसे लंबे समय तक सुरक्षित रखने के उपायों के बारे में भी बताया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने स्वयं सेब का जैम बनाकर देखा। व्यावसायिक प्रशिक्षक पवन कुमार के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने जैम की पैकेजिंग और लेबलिंग का अभ्यास भी किया।
संस्था प्रधान हीरा लाल शर्मा ने कहा कि इस प्रकार के प्रायोगिक लेक्चर से विद्यार्थियों में स्वरोजगार की भावना विकसित होती है। फूड प्रोसेसिंग का ज्ञान लेकर विद्यार्थी भविष्य में लघु उद्योग स्थापित कर आत्मनिर्भर बन सकते हैं।
कार्यक्रम में व्यावसायिक शिक्षा के कौशल मित्र जगदीश चंद्र मंत्री बताया कि अतिथि व्याख्यान विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ व्यावहारिक कौशल प्रदान करते हैं। इससे उनमें रचनात्मकता, उद्यमिता तथा भविष्य में स्वयं का लघु व्यवसाय शुरू करने की प्रेरणा मिलती है।
व्यावसायिक शिक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों को व्यावसायिक शिक्षा से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना तथा उनके लिए रोजगार के नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करना है। विद्यालय स्टाफ एवं व्यावसायिक शिक्षा के विद्यार्थी उपस्थित रहे। अंत में संस्था प्रधान ने गेस्ट लेक्चरर शैतान सिंह का आभार व्यक्त किया।