मंडावर पुलिस ने पाखर चौड़ा हत्याकांड का किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; एक बाल अपचारी निरुद्ध

खेत की मेड़ को लेकर हुआ था विवाद, पप्पूराम गुर्जर को ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या करने का आरोप; पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों को पकड़ा

(अमर चन्द बैरवा)
दौसा16 अक्टूबर। स्मार्ट हलचल|जिले के मंडावर थाना क्षेत्र के ग्राम पाखर चौड़ा में खेत की मेड़ को लेकर हुए विवाद में पप्पूराम गुर्जर की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में नामजद तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत किशोर को निरुद्ध किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने जमीन के विवाद के चलते पप्पूराम गुर्जर को ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। प्रकरण में पुलिस की ओर से गहन अनुसंधान किया जा रहा है।

जिला पुलिस अधीक्षक कुंदन कंवरिया आईपीएस के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दौसा शंकरलाल मीना, पुलिस उप अधीक्षक महवा अनूप सिंह के सुपरविजन तथा मंडावर थाना प्रभारी हरिओम के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश की और तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।

जमीन विवाद में हुआ था खूनी संघर्ष

पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 को ग्राम पाखर चौड़ा में खेत की मेड़ को लेकर गुर्जर समाज के दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया, जिसमें दोनों पक्षों के करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। इस दौरान पप्पूराम पुत्र पूरण गुर्जर, उम्र 54 वर्ष, निवासी पाखर चौड़ा की मृत्यु हो गई। घटना के संबंध में मृतक के परिजन सियाराम पुत्र पूरण गुर्जर ने मंडावर थाने में लिखित रिपोर्ट पेश की, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

तीन आरोपी गिरफ्तार, एक किशोर निरुद्ध

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वेदप्रकाश उर्फ वेदू पुत्र रामनिवास (26), रामरूप पुत्र जगन (65) तथा उगन्ती बाई पत्नी राजेंद्र, निवासी पाखर चौड़ा को गिरफ्तार किया है। वहीं, मामले में एक विधि से संघर्षरत किशोर को निरुद्ध किया गया है।

पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में गठित टीम ने दिन-रात प्रयास कर आरोपियों की तलाश की। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका सहित विभिन्न पहलुओं पर अनुसंधान जारी है। शेष आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।

पुलिस टीम की रही विशेष भूमिका

पूरी कार्रवाई में मंडावर थाना प्रभारी हरिओम के नेतृत्व में उप निरीक्षक जगदीश प्रसाद, सहायक उप निरीक्षक रमेश चंद, प्रताप सिंह व नेमीचंद सहित पुलिस थाना मंडावर के अन्य अधिकारी और जवान शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, उप निरीक्षक जगदीश प्रसाद की विशेष भूमिका रही।

पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है, ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्यों का पता लगाया जा सके।