निवाई (टोंक), स्मार्ट हलचल|निवाई उपखंड क्षेत्र जगतपुरा ग्राम के किसानों ने बीसलपुर पेयजल परियोजना से जुड़े लोगों पर जबरन पैसे मांगने और मुकदमा दर्ज कराने की धमकी देने का आरोप लगाया है।समस्त ग्रामवासी जगतपुरा, तहसील निवाई की ओर से उपखंड अधिकारी, तहसीलदार, को दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि बीसलपुर पानी की लाइन उनकी खातेदारी जमीन से होकर गुजर रही है। खसरा नंबर 384/2, 384/3, 387/3, 387/2, 396/1 (जगतपुरा में) और लोडेड़ा में 198/2 पर लाइन गुजर रही है, लेकिन मौके पर कोई मार्किंग नहीं लगी हुई है।किसानों का कहना है कि खेत में कृषि कार्य करते समय कई बार लाइन टूट जाती है। पहले भी लाइन टूटने पर परियोजना से जुड़े लोगों ने पैसे ले लिए थे। 2-3 दिन पहले फिर कृषि कार्य के दौरान लाइन टूट गई, जिसका भी उनसे भुगतान मांगा जा रहा है। पैसा नहीं देने पर मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी जा रही है।
किसानों ने मांग की है कि लाइन पर स्पष्ट मार्किंग लगाई जाए और जबरन पैसे मांगने व धमकाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
ज्ञापन के दौरान रामधन गुर्जर, गणेश गुर्जर, भगवान गुर्जर, कैलाश गुर्जर, रामकेश,सुरज,देवकरण, सहित अनेक ग्रामीण मोजूद थे।