आकोला (रमेशचंद्र डाड)
स्मार्ट हलचल|भीलवाड़ा जिले की कोटड़ी तहसील क्षेत्र में सवाईपुर से सोपूरा जाने वाले रास्ते पर गंदे पानी का भराव ग्रामीणों के लिए परेशानी बना हुआ है। पिछले कई वर्षों से बनी इस समस्या का समाधान नहीं होने से अब चुनावी वादों पर सवाल उठने लगे हैं।जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य और सरपंच पद के चुनाव नजदीक हैं। ऐसे में ग्रामीणों के मन में सवाल है कि आखिर वर्षों से चली आ रही इस समस्या का समाधान कब होगा
सड़क पर गंदा पानी जमा रहने के पीछे नालियों की नियमित सफाई नहीं होना और पानी की निकासी के लिए उचित पॉइंट की व्यवस्था नहीं होना प्रमुख कारण बताए जा रहे हैं। इसके चलते आमजन को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
चुनावी माहौल में विकास के दावे तो किए जा रहे हैं, लेकिन इस मार्ग की स्थिति जमीनी हकीकत बयां कर रही है। ग्रामीणों की मांग है कि संबंधित विभाग और पंचायत प्रशासन तत्काल संज्ञान लेकर नालियों की सफाई करवाएं तथा जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करें।
अब सवाल यह है कि क्या जिम्मेदार अधिकारी चुनाव से पहले इस समस्या का समाधान करेंगे, या ग्रामीणों को अगले पंचायत कार्यकाल में भी इसी परेशानी से जूझना पड़ेगा