हरिप्रसाद शर्मा
अजमेर/स्मार्ट हलचल|भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ की पाकिस्तान को लेकर दिए गए बयान के विरोध में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अजमेर के भुणाबाय स्थित भाजपा संभाग कार्यालय के बाहर उग्र प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कार्यालय की दीवारों पर ‘मदन राठौड़ गो बैक पाकिस्तान’ जैसे आपत्तिजनक नारों वाले पोस्टर चिपकाए और दीवारों पर टिप्पणियां लिखकर उनके इस्तीफे की मांग की। घटना की जानकारी मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नगर हिमांशु जांगिड़, क्षेत्राधिकारी शिवम जोशी, सिविल लाइंस थाना प्रभारी शंभू सिंह और क्लॉक टावर थाना प्रभारी भीखाराम काला पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस ने मौके का मुआयना करने के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांचनी शुरू की और कार्रवाई करते हुए पूर्व यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष व राष्ट्रीय संयोजक मोहित मल्होत्रा सहित पांच लोगों को पकड़ा। वहीं अन्य रिपोर्ट के अनुसार पुलिस ने 12 लोगों को हिरासत में लिया और कार्यालय की दीवारों से सभी आपत्तिजनक पोस्टरों व टिप्पणियों को हटा दिया गया। क्षेत्राधिकारी शिवम जोशी ने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। मामले में जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इधर यूथ कांग्रेस नेता मोहित मल्होत्रा ने आरोप लगाया कि भाजपा राष्ट्रवाद की बात करती है लेकिन उसके प्रदेशाध्यक्ष की अंतरराष्ट्रीय संघर्ष के समय पाकिस्तान के साथ खड़े होने संबंधी टिप्पणी पार्टी की राजनीति पर सवाल खड़ा करती है। उन्होंने कहा कि देश की जनता को यह जानने का अधिकार है कि भाजपा का राष्ट्रवाद केवल भाषणों तक सीमित है या वह देश के सम्मान व हितों के प्रति भी जवाबदेह है। उन्होंने मदन राठौड़ के इस्तीफे की मांग की। इसके साथ ही कांग्रेस ने सीकर में भी मदन राठौड़ का पुतला जलाकर विरोध जताया।