मुखबिर की सूचना पर भोजपुरा के कच्चे रास्ते से पकड़ा आरोपी, हथियार की खरीद-फरोख्त को लेकर जांच जारी
अनिल कुमार खींची
ब्यावर। स्मार्ट हलचल।अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत साकेत नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर को अवैध पिस्टल सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पिस्टल बरामद कर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी से हथियार रखने के उद्देश्य और उसकी खरीद-फरोख्त के संबंध में पूछताछ की जा रही है।जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह (आईपीएस) के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया एवं ब्यावर वृत्ताधिकारी नरेंद्र पारीक के सुपरविजन में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
मुखबिर की सूचना पर दबिश
पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर को थाना साकेत नगर की टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद टी-शर्ट और जींस पहने एक व्यक्ति नरबदखेड़ा से भोजपुरा की ओर आने वाले कच्चे रास्ते से गुजर रहा है। उसके पास अवैध हथियार होने की आशंका थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध को पकड़ा और तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध पिस्टल बरामद की।
पुलिस ने आरोपी की पहचान देवेंद्र सिंह उर्फ देवा (31) पुत्र मान सिंह रावत, निवासी पानी की टंकी के पास, राजियावास, थाना जवाजा, जिला ब्यावर के रूप में की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी जवाजा थाने का हिस्ट्रीशीटर है तथा उसके खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न पुलिस थानों में कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस थाना साकेत नगर में प्रकरण संख्या 391/2026 के तहत धारा 3/25 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से अवैध पिस्टल रखने के उद्देश्य, हथियार कहां से प्राप्त किया तथा उसकी खरीद-फरोख्त में अन्य लोगों की संलिप्तता के संबंध में अनुसंधान कर रही है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में साकेत नगर थानाधिकारी सुरजीत ठोलिया, सहायक उपनिरीक्षक कालूराम, हेड कांस्टेबल ललित कुमार, कांस्टेबल हनुमान सहाय, मुकेश थाकण, अशोक सिंह, रणजीत तथा विशेष योगदान देने वाले कांस्टेबल अनिल कुमार सहित पुलिस टीम शामिल रही।