पंचायती राज चुनाव में मीडिया की भूमिका अहम, निष्पक्ष मतदान के लिए जनजागरूकता पर जोर

 

जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीना ने मीडिया प्रतिनिधियों के साथ की बैठक, नवंबर में होंगे तीसरे और चौथे चरण के मतदान

अनिल कुमार खींची

ब्यावर ।स्मार्ट हलचल|पंचायती राज आम चुनाव-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में रविवार को जिला कलेक्ट्रेट में जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीना की अध्यक्षता में मीडिया प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन कार्यक्रम, चुनावी तैयारियों और मतदान प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी साझा की गई। साथ ही मतदाता जागरूकता बढ़ाने और निर्वाचन संबंधी प्रमाणिक सूचनाएं आमजन तक पहुंचाने में मीडिया से सहयोग की अपील की गई।

जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीना ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन संपन्न कराने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। मीडिया के माध्यम से मतदाताओं तक सही जानकारी पहुंचाकर उन्हें मतदान प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन संबंधी समाचारों के प्रकाशन एवं प्रसारण में तथ्यों की प्रमाणिकता और राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का विशेष ध्यान रखा जाए। प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय से चुनाव प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित बनाया जा सकता है।

19 अक्टूबर को जारी होगी लोक सूचना

बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिला परिषद सदस्यों के निर्वाचन के लिए 19 अक्टूबर 2026 को लोक सूचना जारी की जाएगी। जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए तृतीय चरण में 3 नवंबर तथा चतुर्थ चरण में 14 नवंबर को मतदान निर्धारित है। वहीं पंच एवं सरपंच पदों के लिए तृतीय चरण में 5 नवंबर तथा चतुर्थ चरण में 16 नवंबर को मतदान होगा। मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा।

मीडिया से मतदाता जागरूकता बढ़ाने का आह्वान

बैठक के दौरान नामांकन, नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा, नाम वापसी, चुनाव चिह्न आवंटन, मतदान एवं मतगणना की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन कार्यक्रम से संबंधित सूचनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर मतदाताओं को जागरूक किया जाए, ताकि अधिकाधिक लोग लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।

बैठक में मीडिया प्रतिनिधियों के सुझाव भी लिए गए। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी ब्रह्मलाल जाट सहित विभिन्न मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।