जेएसजी सनशाइन अंडर आर्म क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन-9 में 130 से अधिक खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, चार वर्गों में हुए मुकाबले
अनिल कुमार खींची
ब्यावर। स्मार्ट हलचल।शहर के मेवाड़ी गेट के बाहर स्थित एमडी फार्म्स में आयोजित जेएसजी सनशाइन अंडर आर्म क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन-9 का सात दिवसीय आयोजन रोमांचक मुकाबलों के साथ संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में 130 से अधिक खिलाड़ियों ने जूनियर किड्स, सीनियर किड्स, महिला एवं पुरुष वर्ग में भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।संस्था के मंत्री भूपेश भंसाली ने बताया कि जूनियर किड्स वर्ग में टीम मौलिक जैन ने टीम भव्य डूंगरवाल को हराकर खिताब जीता। सीनियर किड्स वर्ग का फाइनल सबसे रोमांचक रहा, जिसमें विहान कोठारी ने आखिरी गेंद पर शानदार छक्का लगाकर टीम अयान श्रीश्रीमाल को टीम लविश के खिलाफ यादगार जीत दिलाई। आखिरी गेंद तक चले इस मुकाबले ने टूर्नामेंट के रोमांच को चरम पर पहुंचा दिया।
महिला वर्ग में टीम दिव्या कोठारी ने बेहतरीन गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण के दम पर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं, पुरुष वर्ग के फाइनल में टीम शक्ति ने टीम हैट्रिक को पराजित कर खिताब पर कब्जा जमाया। पुरुष वर्ग की सभी टीमों के नाम स्वर्गीय नाना पाटेकर को श्रद्धांजलि स्वरूप समर्पित किए गए थे।
खिलाड़ियों और अंपायरों का किया सम्मान
समापन समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। मनीष मेहता को बेस्ट बैट्समैन, अभिषेक रूनीवाल को बेस्ट बॉलर तथा विमल कांकरिया को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। प्रत्येक मैच में मैन ऑफ द मैच पुरस्कार भी प्रदान किए गए। प्रतियोगिता में अंपायर के रूप में सेवाएं देने वाले गौरव कोठारी, नवीन बागरेचा, लविश लोढ़ा एवं कमलेश मेहता का अभिनंदन किया गया।
संस्था अध्यक्ष राहुल ओस्तवाल ने आयोजन की सफलता पर सभी सहयोगी सदस्यों, प्रायोजकों, खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे खेल आयोजन युवाओं में खेल भावना, आपसी भाईचारे और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देते हैं तथा प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में अतिथि के रूप में दिलीप , सिद्धार्थ , कमल छाजेड़, राजीव रांका, विशाल कांकरिया, पीयूष रांका एवं प्रवीण मकाणा सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।