भीलवाड़ा/रंग, गुलाल एवं धार्मिक भजनों की मधुर धुनों के बीच राजस्थान सुवालका (कलाल) महासभा संस्थान द्वारा नेहरू विहार रिंग रोड स्थित सुवालका भवन प्रांगण में होली स्नेह मिलन समारोह हर्षोल्लास और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। प्रवक्ता कैलाश सुवालका (हलेड़) ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत सभाध्यक्ष प्रभुलाल बावलास सहित वरिष्ठ समाजजनों द्वारा भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की गई। इस अवसर पर महासभा के प्रदेशाध्यक्ष कैलाश सुवालका (सांगानेर) ने अपने संबोधन में आगामी देवउठनी एकादशी पर प्रसिद्ध धार्मिक स्थल हरनी महादेव में आयोजित होने वाले विशाल सामूहिक विवाह सम्मेलन को लेकर उपस्थित समाजजनों से सुझाव लिए। साथ ही सम्मेलन की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा करते हुए 21 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया। प्रदेश महामंत्री सत्यनारायण सुवालका ने समाज की असहाय एवं विधवा माताओं के बच्चों का सम्मेलन में निःशुल्क विवाह करवाने का सुझाव रखा, जिसका उपस्थित समाजबंधुओं ने करतल ध्वनि से समर्थन किया। कार्यक्रम में महासभा के युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश प्रभारी पद पर शंकरलाल सुवालका (बैशकलाई) को मनोनीत किया गया। समारोह में उपस्थित वरिष्ठ एवं युवा समाजबंधु धार्मिक भजनों की धुन पर झूम उठे और फूलों की होली खेलते हुए आपसी एकता, प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष श्यामलाल फुकिया, प्रदेश महामंत्री सत्यनारायण, श्यामलाल पारोली, बाबूलाल गंगरार, कोषाध्यक्ष अशोक कुमार, प्रवक्ता हीरालाल, सम्पतलाल देवली, लादूलाल सुरास, भंवरलाल विजयनगर, रतनलाल बिहाड़ा, शंकरलाल भोली, किशनलाल पहुंना, बजरंग लाल भीलवाड़ा, सम्पत घेवरिया, नंदकिशोर बावलास, गोपाल शाहपुरा, सुरेश गुरला, सहित सैकड़ों समाजबंधु मौजूद रहे।
