खेत की मेड़ के विवाद में हुई थी पप्पूराम गुर्जर की हत्या, मामले में अब तक 6 नामजद आरोपी गिरफ्तार और एक बाल अपचारी निरुद्ध*
अमर चन्द बैरवा
दौसा|स्मार्ट हलचल|मण्डावर थाना क्षेत्र के पाखर चौड़ा गांव में खेत की मेड़ को लेकर हुए विवाद में पप्पूराम गुर्जर की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समुंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। 13 अक्टूबर 2026 को हुई इस वारदात के बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस अब तक मामले में छह नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि एक विधि से संघर्षरत किशोर को निरुद्ध किया गया है। मुख्य आरोपी से प्रकरण में गहन पूछताछ और अनुसंधान जारी है।
जिला पुलिस अधीक्षक कुंदन कंवरिया के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शंकरलाल मीणा, पुलिस उप अधीक्षक महवा अनूप सिंह के सुपरविजन तथा मण्डावर थानाधिकारी हरिओम के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समुंदर सिंह को 19 अक्टूबर को गिरफ्तार किया।
*जमीनी विवाद में हुआ था खूनी संघर्ष*
पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर को पाखर चौड़ा गांव में जमीन की मेड़ को लेकर गुर्जर समाज के दो पक्षों के बीच मारपीट और झगड़ा हो गया था। इस दौरान दोनों पक्षों के करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए थे। वहीं, पप्पूराम पुत्र पूरण गुर्जर (54), निवासी पाखर चौड़ा की मृत्यु हो गई थी। घटना के संबंध में मृतक के परिजन सियाराम पुत्र पूरण गुर्जर ने मण्डावर थाने में लिखित रिपोर्ट पेश की, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
*चरणबद्ध कार्रवाई में आरोपियों की गिरफ्तारी*
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 14 अक्टूबर को एक बाल अपचारी को निरुद्ध किया। इसके बाद 15 अक्टूबर को वेदप्रकाश उर्फ वेदू, रामरूप और उगन्ती बाई को गिरफ्तार किया गया। वहीं, 17 अक्टूबर को राजेन्द्र और कुलदीप को गिरफ्तार कर अनुसंधान के बाद न्यायालय में पेश किया गया। लगातार तलाश के बाद 19 अक्टूबर को मुख्य आरोपी समुंदर सिंह पुत्र समय सिंह (46), निवासी पाखर चौड़ा को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
*शेष आरोपियों की तलाश जारी*
पुलिस के अनुसार, मामले में शेष आरोपियों की तलाश जारी है। मुख्य आरोपी से वारदात के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है। हत्याकांड के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी में मण्डावर थानाधिकारी हरिओम सहित पुलिस टीम के गजेन्द्र सिंह और नगेन्द्र सिंह की भूमिका रही।