बरामद स्मैक की बाजार कीमत करीब 50 हजार रुपये, एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर सप्लाई नेटवर्क की जांच शुरू*
(अमर चन्द बैरवा)
दौसा|स्मार्ट हलचल|जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लवाण थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 9 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की बाजार कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त और सप्लाई नेटवर्क के संबंध में जांच शुरू कर दी है।
जिला पुलिस अधीक्षक कुंदन कंवरिया आईपीएस के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लालसोट विनोद कुमार सीपा आरपीएस तथा वृत्ताधिकारी नांगल राजावतान शीशराम मीना आरपीएस के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। लवाण थानाधिकारी विजेंद्र सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने उच्चस्तरीय निगरानी, पुख्ता आसूचना संकलन और तकनीकी सहायता के आधार पर आरोपी को चिह्नित कर कार्रवाई को अंजाम दिया।
*तलाशी में मिली 9 ग्राम स्मैक*
पुलिस के अनुसार, लवाण थाना क्षेत्र में युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति और मादक पदार्थों की सप्लाई को लेकर गोपनीय सूचनाएं प्राप्त हो रही थीं। इसके बाद विशेष टीम गठित कर संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी गई। पुलिस ने क्राइम पैटर्न विश्लेषण, तकनीकी सहायता, मुखबिर तंत्र और फील्ड वेरिफिकेशन के जरिए सूचनाएं जुटाईं।
इसी क्रम में 19 अक्टूबर 2026 को मिली विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने लवाण के सैण का कुआं निवासी रोहित सिंह उर्फ सत्यनारायण उर्फ सत्या (31) को डिटेन कर नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 9 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने मादक पदार्थ सप्लाई के लिए खरीदकर लाना बताया। इसके बाद स्मैक जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
*सप्लाई नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस*
पुलिस थाना लवाण में आरोपी के खिलाफ प्रकरण संख्या 107/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मादक पदार्थ कहां से खरीदा गया और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जानकारी जुटाने के लिए पुलिस जांच कर रही है। मामले का अनुसंधान पुलिस निरीक्षक जनमेजा राम, थानाधिकारी पुलिस थाना पापड़दा के जिम्मे सौंपा गया है।
*विशेष टीम की रही भूमिका*
कार्रवाई में लवाण थानाधिकारी पुलिस निरीक्षक विजेंद्र सिंह, सहायक उपनिरीक्षक कमलेश कुमार व पूनीलाल, हेड कांस्टेबल हरिराम तथा कांस्टेबल उम्मेद सिंह, जगमोहन और चालक कांस्टेबल दीपचंद शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि जिले में नशे की सप्लाई और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ अभियान के तहत नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।