भारत विकास परिषद शाखा सुभाष एवं GPS स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में होगा आयोजन, हाई सेकेंडरी स्कूल ग्राउंड में 3 नवंबर तक चलेंगे मुकाबले; 20 टीमों के 300 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम
गंगापुर सिटी।स्मार्ट हलचल|शहर में क्रिकेट प्रेमियों के लिए रोमांच और उत्साह से भरपूर बिगेस्ट नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 का आगाज 22 अक्टूबर से होने जा रहा है। भारत विकास परिषद शाखा सुभाष एवं GPS स्कूल, गंगापुर सिटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाला यह टूर्नामेंट 3 नवंबर तक शहर के हाई सेकेंडरी स्कूल ग्राउंड में खेला जाएगा। प्रतियोगिता में कुल 20 टीमें भाग लेंगी, जिनमें लगभग 300 खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
टूर्नामेंट को लेकर खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजन को लेकर मैदान पर तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। रात्रिकालीन क्रिकेट मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी। चौके-छक्कों की गूंज के बीच क्रिकेट का रोमांच अपने चरम पर रहने की उम्मीद है।
**चार लीग के मुकाबलों में उतरेंगी 20 टीमें**
टूर्नामेंट के मीडिया प्रभारी मनोहर गुप्ता ने बताया कि इस बड़े क्रिकेट आयोजन में चार अलग-अलग लीग के तहत कुल 20 टीमें भाग लेंगी। इनमें गंगापुर सेलिब्रेट लीग (GCL) की 8 टीमें, GPS प्रीमियर लीग की 4 टीमें, यूथ प्रीमियर लीग (YPL) की 4 टीमें तथा वीमेन क्रिकेट प्रीमियर लीग (WPL) की 4 टीमें शामिल हैं। इस प्रकार कुल 300 खिलाड़ी टूर्नामेंट में अपनी भागीदारी निभाएंगे।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य शहर में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना और खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। अलग-अलग लीग के मुकाबलों से खिलाड़ियों को अपनी क्षमता साबित करने का अवसर मिलेगा, वहीं महिला क्रिकेट को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
**क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह, तैयारियां जोरों पर**
भारत विकास परिषद शाखा सुभाष के आदित्य भारद्वाज एवं GPS स्कूल के डायरेक्टर चेतन अग्रवाल ने टूर्नामेंट के आयोजन की जानकारी दी। आयोजकों की ओर से प्रतियोगिता को भव्य और आकर्षक बनाने की तैयारियां की जा रही हैं। मैदान पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि खिलाड़ियों और दर्शकों को बेहतर माहौल मिल सके।
*मनोरंजन और खानपान की भी रहेगी व्यवस्था*
टूर्नामेंट में क्रिकेट मुकाबलों के साथ दर्शकों के मनोरंजन का भी विशेष ध्यान रखा गया है। आयोजन स्थल पर बच्चों के लिए झूले और मिक्की माउस जैसी मनोरंजक गतिविधियों की व्यवस्था रहेगी। इसके साथ ही खानपान के लिए विभिन्न फूड जोन स्टॉल्स भी लगाए जाएंगे। झूले, मिक्की माउस और फूड जोन स्टॉल्स की ये सुविधाएं सशुल्क (पेड) रहेंगी, जिससे क्रिकेट प्रेमी मैचों के रोमांच के साथ मनोरंजन और खानपान का भी आनंद ले सकेंगे।
आयोजकों ने शहर के क्रिकेट प्रेमियों और खेलप्रेमी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में हाई सेकेंडरी स्कूल ग्राउंड पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है। 22 अक्टूबर से 3 नवंबर तक चलने वाला यह टूर्नामेंट गंगापुर सिटी में क्रिकेट के जुनून को नई ऊंचाई देने के साथ खेल प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।