17 दिसंबर को जयपुर में मुख्यमंत्री को ज्ञापन देने की तैयारी, हजारों लोगों ने किए हस्ताक्षर
गंगापुर सिटी। स्मार्ट हलचल|गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत दशहरा मेले में काउंटर लगाकर हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। अभियान के जिला प्रभारी गोविंद नारायण शर्मा ने बताया कि गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करवाने के उद्देश्य से सर्व हिंदू समाज एवं साधु-संतों के सानिध्य में यह अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के प्रथम और द्वितीय चरण पूरे होने के बाद अब तृतीय चरण की तैयारियां की जा रही हैं।इसी क्रम में दशहरा मैदान में काउंटर लगाकर लोगों से निर्धारित प्रपत्र पर हस्ताक्षर करवाए गए। इसमें हजारों लोगों ने भाग लिया। अभियान को गति देने के लिए प्रचार-प्रसार रथ तैयार करने की स्वीकृति भी दी गई है। निर्धारित समितियां जिले की पंचायतों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर हस्ताक्षर अभियान चलाएंगी और लोगों को 17 दिसंबर 2026 को जयपुर पहुंचने के लिए आमंत्रित करेंगी। वहां राजस्थान के मुख्यमंत्री को गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को लेकर ज्ञापन दिया जाएगा।
गोविंद नारायण शर्मा ने गौशाला संचालकों, गौ सेवकों, गौ प्रेमियों, नगर परिषद क्षेत्र के वार्डवासियों एवं पार्षदों से अभियान में अधिक से अधिक सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करवाने तथा गोहत्या के कलंक से देश को मुक्त करने की मांग को जन-जन तक पहुंचाना है।
इस अवसर पर कृपा शंकर उपाध्याय, शिवनारायण गुप्ता, प्रसन्न कुमार सुराणा, नंदकिशोर अग्रवाल, इंद्रदेव गुप्ता, मुकेश कुमार मीणा, ओमप्रकाश गुप्ता, कृष्णानंद दीक्षित, ओमप्रकाश शर्मा, रामनिवास गर्ग, नागेश कुमार शर्मा, शंभूदयाल गुप्ता, पूनम जगबानी, राधा दीक्षित एवं उषा देवी सहित विभिन्न गौशालाओं के संचालक और दर्जनों गौ सेवक उपस्थित रहे।