जिला परिषद वार्ड 24 सहित नरबड़खेड़ा और जवाजा पंचायत समिति के वार्डों में उतारे उम्मीदवार, शेष नामों की घोषणा जल्द
अनिल कुमार खींची
ब्यावर । स्मार्ट हलचल। पंचायती राज चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी ने ब्यावर जिले में अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी के जिला संगठन की ओर से बुधवार को पहली प्रत्याशी सूची जारी की गई, जिसमें जिला परिषद के एक और पंचायत समिति के दो वार्डों से उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए हैं। पार्टी ने स्पष्ट किया कि आगामी चुनाव पूरी मजबूती के साथ लड़ते हुए जनता के बुनियादी मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
जारी सूची के अनुसार, किशोर सिंह को ब्यावर जिला परिषद के वार्ड संख्या 24 से, कमला बानो को पंचायत समिति नरबड़खेड़ा के वार्ड संख्या 13 से तथा मीरा प्रजापत को पंचायत समिति जवाजा के वार्ड संख्या 14 से प्रत्याशी बनाया गया है।
जिला चुनाव प्रभारी नीलेश बुरड़ एवं जिला अध्यक्ष शौकीन काठात ने राज्य स्तर पर निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार प्रत्याशियों की सूची जारी की। पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि संगठन आगामी चुनाव को लेकर पूरी तैयारी में जुटा है। अन्य वार्डों में भी प्रत्याशी मैदान में उतारे जाएंगे तथा शेष उम्मीदवारों की सूची आगामी दिनों में जारी की जाएगी।
इस दौरान जिला अध्यक्ष शौकीन काठात, जिला चुनाव प्रभारी नीलेश बुरड़, इकबाल काठात, राजू सिंह रावत, नारायण अटवाल, लीलाधर दाधीच, गोपी काठात सहित पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। जिला परिषद प्रत्याशी किशोर सिंह एवं पंचायत समिति प्रत्याशी कमला बानो भी उपस्थित रहे।