युवाओं ने जताया विश्वास, पुनः निर्विरोध बने विनय लढ़ा अध्यक्ष, पुलकित लखोटिया मंत्री

(पंकज पोरवाल)

भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल|संगठन की मजबूती और युवाओं के विश्वास के बीच बापूनगर माहेश्वरी युवा संगठन ने आगामी तीन वर्षों के लिए नई दिशा तय की है। युवाओं ने एक बार फिर विश्वास जताते हुए विनय लढ़ा को दोबारा अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपते हुए निर्विरोध निर्वाचित किया। माहेश्वरी भवन, बापूनगर में सर्वसम्मति से संपन्न चुनाव में नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इस दौरान भवन निर्माण कार्य को गति देने और संगठन की गतिविधियों को सक्रिय बनाने का संकल्प लिया गया। नगर माहेश्वरी युवा संगठन, भीलवाड़ा के निर्देशानुसार चुनाव अधिकारी रामकिशन सोनी, मुकेश अजमेरा, रामनिवास लढा, अंकित कास्ट की देखरेख में चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई। चुनाव अधिकारी द्वारा नवनिर्वाचित अध्यक्ष विनय लढ़ा को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद अध्यक्ष लढ़ा ने सर्वसम्मति से पुनः पुलकित लखोटिया को मंत्री पद पर मनोनीत किया। जिला प्रतिनिधि के रूप में सीए अंकित लखोटिया तथा नगर प्रतिनिधि के रूप में अजय काबरा और अंशुल जैथलिया को निर्वाचित किया गया। निर्वाचन के बाद युवा संगठन के सदस्यों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं मंत्री का अभिनंदन कर शुभकामनाएं दीं। अध्यक्ष विनय लढ़ा ने सभी युवा साथियों से आगामी तीन वर्षों के कार्यकाल में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि संगठन की एकजुटता और सहयोग से भवन निर्माण के कार्य को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। इस अवसर पर मंत्री कैलाश लखोटिया, जगदीश लढ़ा, ओम काबरा, सुशील नुवाल, पवन लाठी, अंकित काबरा, अतुल नुवाल एवं चंद्रप्रकाश अजमेरा सहित संगठन के सदस्य उपस्थित रहे।