हादसे को न्योता दे रहा झुका विद्युत पोल, शिकायतों के बाद भी नहीं जागा विभाग!

 

वार्ड 23 के शाहपुरा मोहल्ले में लोगों की सुरक्षा पर खतरा, सामाजिक कार्यकर्ता तिलोक तालेपा ने राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज कराई शिकायत

अनिल कुमार खींची

ब्यावर ।स्मार्ट हलचल। शहर के वार्ड संख्या 23 स्थित शाहपुरा मोहल्ला, दुर्गावास चौक में झुका हुआ विद्युत पोल हादसे का कारण बन सकता है। रामदेव मंदिर के पास एवं मेघवाल समाज सामुदायिक भवन के नजदीक लगा विद्युत पोल बिना उचित सपोर्ट के काफी झुक चुका है। इससे विद्युत लाइनों में खिंचाव आ गया है और तार टूटने या पोल गिरने की आशंका बनी हुई है। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से क्षेत्रवासियों की चिंता बढ़ रही है।

इस गंभीर समस्या को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता तिलोक तालेपा ने 22 अक्टूबर को राजस्थान संपर्क पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में बताया गया कि संबंधित स्थान आम रास्ता है, जहां से प्रतिदिन लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे में झुका हुआ विद्युत पोल किसी भी समय दुर्घटना का कारण बन सकता है।

कई बार शिकायत, फिर भी समाधान नहीं

तिलोक तालेपा के अनुसार, विद्युत पोल की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। पूर्व में भी कई बार शिकायतें दर्ज करवाने के बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मौका निरीक्षण किया जाए तथा विद्युत पोल को सुरक्षित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए।

क्षेत्रवासियों की सुरक्षा को देखते हुए विद्युत विभाग से मांग की गई है कि संभावित हादसे से पहले ही पोल को दुरुस्त किया जाए, ताकि किसी जनहानि की आशंका को टाला जा सके और मोहल्लेवासियों को राहत मिल सके।