‘पहले मतदान, फिर जलपान’ के नारों से दिया शत-प्रतिशत वोटिंग का संदेश, निष्पक्ष एवं निर्भीक मतदान की दिलाई शपथ
अनिल कुमार खींची
ब्यावर । स्मार्ट हलचल।पंचायत आम चुनाव-2026 को लेकर जिले में मतदाता जागरूकता अभियान के तहत गुरुवार को सरकारी एवं निजी विद्यालयों में मैराथन दौड़ सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने दौड़ लगाकर आमजन को मतदान के प्रति जागरूक किया और लोकतंत्र की मजबूती के लिए शत-प्रतिशत मतदान की अपील की।जिला स्वीप टीम की ओर से अतिरिक्त परियोजना अधिकारी धनदान देथा के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रमों में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय स्टाफ ने उत्साह के साथ भाग लिया। मैराथन के दौरान ‘पहले मतदान, फिर जलपान’ और ‘लोकतंत्र का मान बढ़ाएं, शत-प्रतिशत मतदान कराएं’ जैसे नारों से मतदान का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों ने जनसंपर्क के माध्यम से आमजन को प्रत्येक वोट का महत्व समझाते हुए मतदान के लिए प्रेरित किया।
मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संकल्प
विद्यालयों में पोस्टर, स्लोगन और संवाद जैसी गतिविधियों के माध्यम से भी मतदाता जागरूकता का संदेश प्रसारित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों एवं कार्मिकों को निष्पक्ष और निर्भीक होकर मतदान करने की शपथ दिलाई गई। साथ ही परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया गया।
स्वीप टीम का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना और मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। अभियान के माध्यम से आमजन से अपील की गई कि वे लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें और अधिकाधिक मतदान में अपनी भागीदारी निभाएं।