शिकायत के बाद हरकत में आया प्रशासन, बायतु में बंद पड़ी रोड़ लाइटें दुरुस्त करने में जुटी हाईवे टीम

चिमु धतरवाल

बायतु।स्मार्ट हलचल|बायतु क्षेत्र में लंबे समय से बंद पड़ी रोड़ लाइटों की समस्या को लेकर की गई शिकायत के बाद आखिरकार प्रशासन हरकत में आ गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए हाईवे विभाग की टीम पिछले दो दिनों से लगातार बायतु पहुंचकर राष्ट्रीय राजमार्ग-25 पर खराब पड़ी रोड़ लाइटों को दुरुस्त करने का कार्य युद्ध स्तर पर कर रही है।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र में लंबे समय से कई स्थानों पर रोड़ लाइटें बंद पड़ी थीं, जिसके कारण रात के समय राहगीरों, वाहन चालकों व स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। अंधेरे के कारण दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती थी। इस समस्या को लेकर खीयाराम पालीवाल द्वारा दो दिन पूर्व हाईवे विभाग एवं जिला प्रशासन को अवगत करवाते हुए शीघ्र समाधान की मांग की गई थी।

शिकायत के बाद हाईवे विभाग ने तुरंत संज्ञान लेते हुए तकनीकी टीम को मौके पर भेजा। टीम द्वारा एनएच-25 पर लगे विद्युत पोलों की जांच कर खराब पड़ी रोड़ लाइटों को ठीक करने तथा नई फिटिंग लगाने का कार्य किया जा रहा है। कई स्थानों पर रोड़ लाइटों को दुरुस्त कर चालू भी कर दिया गया है, जबकि शेष स्थानों पर मरम्मत का कार्य जारी है।

हाईवे विभाग के कर्मचारियों के अनुसार बायतु उपखंड मुख्यालय क्षेत्र में बंद पड़ी अधिकांश रोड़ लाइटों को एक-दो दिनों के भीतर ठीक कर पुनः चालू कर दिया जाएगा। रोड़ लाइटें शुरू होने के बाद रात के समय आवागमन करने वाले वाहन चालकों व आमजन को काफी राहत मिलेगी और दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।

इनका कहना:
खीयाराम पालीवाल ने बताया कि बायतु में लंबे समय से एनएच-25 पर कई रोड़ लाइटें बंद पड़ी थीं, जिससे रात के समय अंधेरा छाया रहता था और राहगीरों को काफी परेशानी होती थी। इस समस्या को लेकर उन्होंने हाईवे विभाग व जिला प्रशासन को अवगत करवाया था, जिसके बाद विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर रोड़ लाइटों को ठीक करने का कार्य कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही सभी बंद पड़ी रोड़ लाइटें चालू हो जाएंगी, जिससे आमजन को बड़ी राहत मिलेगी।