शरद पूर्णिमा पर नरसिंह मंदिर में गूंजेगा सुंदरकांड, रात 12 बजे होगी महाआरती

भगवान नरसिंह का होगा मनमोहक श्रृंगार, श्रद्धालुओं को वितरित किया जाएगा खीर का प्रसाद

अनिल कुमार खींची

ब्यावर।स्मार्ट हलचल।शहर के प्रमुख धार्मिक स्थल नरसिंह मंदिर में शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर रविवार को भक्ति और श्रद्धा का माहौल रहेगा। इस अवसर पर मंदिर में संगीतमय सुंदरकांड पाठ, भगवान का विशेष श्रृंगार, महाआरती और खीर प्रसाद वितरण सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन होंगे।नरसिंह मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष रमेश बंसल ने बताया कि रविवार रात्रि 9 बजे श्री रामरामायण मंडल की ओर से संगीतमय सुंदरकांड पाठ की प्रस्तुति दी जाएगी। सुंदरकांड पाठ के दौरान श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होंगे। वहीं, रात्रि 12 बजे महाआरती के बाद श्रद्धालुओं को खीर का प्रसाद वितरित किया जाएगा।

ट्रस्ट के मंत्री राधेश्याम डाणी ने बताया कि शरद पूर्णिमा के अवसर पर भगवान नरसिंह के गर्भगृह में पंडित गोपालकृष्ण दाधीच द्वारा मनमोहक श्रृंगार किया जाएगा। मंदिर में आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह रहेगा।