फसल कटाई के बावजूद बुनियादी साक्षरता मूल्यांकन परीक्षा में दिखा शत-प्रतिशत लक्ष्य; काछोला सहित ब्लॉक के 33 केंद्रों पर 3300 परीक्षार्थियों का था लक्ष्य
काछोला (स्मार्ट हलचल)।
उम्र चाहे जो भी हो, सीखने की ललक और साक्षर होने का उत्साह किसी भी बाधा को पार कर सकता है। रविवार, 15 मार्च को काछोला सहित आसपास के क्षेत्रों में आयोजित ‘बुनियादी साक्षरता मूल्यांकन परीक्षा’ (उल्लास-नव भारत साक्षरता कार्यक्रम) में ऐसा ही अनूठा और प्रेरक नजारा देखने को मिला। फसल कटाई का व्यस्त समय होने के बावजूद नव साक्षर महिलाओं में भारी उत्साह देखा गया। ग्रामीण परिवेश की ये महिलाएं मंगल गीत और लोकगीत गाते हुए परीक्षा केंद्रों पर पहुंचीं, जहां उनका कुमकुम तिलक लगाकर और तिरंगा पट्टी ओढ़ाकर भव्य स्वागत किया गया।
ब्लॉक में बनाए गए 33 परीक्षा केंद्र:
मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (समग्र शिक्षा) कल्पना शर्मा और प्रभारी अधिकारी डॉ. बनवारी लाल जीनगर ने बताया कि 15 वर्ष से अधिक उम्र के असाक्षरों को साक्षर करने के इस अभियान के तहत ब्लॉक स्तर पर सभी पीईईओ (PEEO) केंद्रों पर 33 परीक्षा केंद्र बनाए गए। परीक्षा को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए 66 वीक्षक व अन्य कार्मिक लगाए गए। ब्लॉक में कुल 3300 नव साक्षरों को परीक्षा में शामिल करने का लक्ष्य रखा गया था। मॉनिटरिंग के लिए स्थापित कंट्रोल रूम का प्रभार ब्लॉक समन्वयक विनोद कुमार कोली और वरिष्ठ सहायक विष्णु कुमार पोरवाल को सौंपा गया।
तिलक लगाकर बांटी प्रश्न-उत्तर पुस्तिकाएं:
काछोला, सरथला, राजगढ़, थलकलां, और जस्सूजी का खेड़ा सहित विभिन्न पीईईओ केंद्रों पर परीक्षार्थियों ने अपनी सुविधानुसार आकर परीक्षा दी। परीक्षा केंद्राध्यक्ष नंद किशोर रेगर और हीरा लाल शर्मा के सानिध्य में परीक्षा संपन्न हुई। संस्था प्रधान मोहम्मद शाबिर रंगरेज ने बताया कि महिला-पुरुष नव साक्षरों का निरीक्षक पंकज कुमार त्रिवेदी, दुर्गा देवी बलाई, संजू बलाई और टीना कुमारी तेली ने तिलक लगाकर स्वागत किया।
ग्रामीण महिलाओं का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल:
परीक्षा केंद्र प्रभारी पंकज त्रिवेदी ने बताया कि उनके केंद्र पर सुबह 9 बजे से ही नव साक्षर पहुंचने लगे। पीएम श्री स्कूल धामनिया, प्राथमिक विद्यालय धामनिया, हरपुरा और जगपुरा के 22 महिला-पुरुष नवसाक्षरों ने परीक्षा दी और केंद्र पर उपस्थिति का लक्ष्य शत-प्रतिशत रहा। इस अवसर पर मोहम्मद शाबिर रंगरेज, बंशी लाल धाकड़, निहाल सिंह यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
