महंगाई और केंद्र की नीतियों पर कांग्रेस का प्रदर्शनः ब्यावर में प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर जताया विरोध

अनिल कुमार

स्मार्ट हलचल|ब्यावर में रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई और केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष किशोर चौधरी के निर्देश पर पांच बत्ती चौराहे पर विधानसभा स्तरीय विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।प्रदर्शन को संबोधित करते हुए ब्यावर ब्लॉक अध्यक्ष एडवोकेट अजय शर्मा ने केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि रसोई गैस और ईंधन की बढ़ती कीमतों ने आम परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है। शर्मा ने यह भी कहा कि जब तक महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया जाता, कांग्रेस का संघर्ष सड़क से सदन तक जारी रहेगा।

जवाजा ब्लॉक अध्यक्ष धरमसिंह भाटी ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि गलत आर्थिक नीतियों और अमेरिका के साथ प्रस्तावित ट्रेड डील से देश के किसानों और युवाओं को नुकसान होगा। भाटी के अनुसार, इससे बेरोजगारी बढ़ेगी और देश आर्थिक संकट की ओर बढ़ सकता है।

इस दौरान कांग्रेस प्रत्याशी पारस पंच ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी और कमर्शियल सिलेंडरों की किल्लत आमजन और व्यापारियों के साथ अन्याय है।

इस दौरान पूर्व जिला उपाध्यक्ष राजेन्द्र ओस्तवाल, नरेंद्र झंवर, पूर्व सभापति शांति बाई डाबला और पूर्व पार्षद राजेन्द्र बाबेल सहित कई नेताओं ने भी केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना की।

प्रदर्शन में कपासन प्रभारी आशीष पाल पदावत, अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष अजमत काठात, मेघराज बोहरा, शोभा चौधरी, हनुमान चौधरी, सतीश जाग्रत, रामचन्द्र टेलर, मंडल अध्यक्ष हिमांशु शर्मा, महिला कांग्रेस प्रदेश सचिव सुलक्षणा शर्मा, पूर्व जिला सचिव यशोदा गुर्जर, ब्यावर विधानसभा सेवादल अध्यक्ष मगन सोलंकी, एससी प्रकोष्ठ जवाजा ब्लॉक अध्यक्ष डॉ. जगदीश सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।