नगर परिषद ब्यावर की पहल, शहर के वार्डों में कचरा संग्रहण को मिलेगी गति
अनिल कुमार खींची
ब्यावर।स्मार्ट हलचल।शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर परिषद ब्यावर ने कचरा संग्रहण व्यवस्था को सुदृढ़ करने की पहल की है। इसके तहत प्रत्येक जमादार को उसके कार्यक्षेत्र के अनुसार 3 से 4 कचरा संग्रहण ट्रॉलियां उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इससे शहर की सड़कों और सार्वजनिक स्थानों से कचरे का नियमित संग्रहण सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।नगर परिषद की इस पहल से सफाई कर्मचारियों को कार्य करने में सुविधा होगी तथा विभिन्न वार्डों में सफाई व्यवस्था अधिक प्रभावी हो सकेगी। ट्रॉलियों की उपलब्धता से कचरा संग्रहण कार्य को गति मिलने के साथ ही शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के प्रयासों को भी मजबूती मिलेगी।
नगर परिषद सभापति पुष्पा जयकिशन बल्दुआ, आयुक्त कीर्ति कुमावत एवं स्वास्थ्य अधिकारी/राजस्व अधिकारी मोहिंद्र राय फुलवारी ने सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए नियमित कचरा संग्रहण, बेहतर सफाई व्यवस्था और प्रभावी निगरानी आवश्यक है। नगर परिषद की ओर से सफाई कार्यों के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध करवाने के साथ व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग भी की जा रही है।
इस अवसर पर पार्षद राजेंद्र तुनगरिया, संजय चौहान, जयकिशन बल्दुआ सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।