आशीष सांड के नेतृत्व में चली सियासी कवायद, जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव के समीकरण बदलने के आसार
अनिल कुमार खींची
ब्यावर। स्मार्ट हलचल।पंचायतीराज चुनाव में नामांकन वापसी के अंतिम दिन सोमवार को ब्यावर में राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं। भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष सांड के नेतृत्व में जिला परिषद एवं पंचायत समिति के 15 निर्दलीय प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र वापस लेकर भाजपा प्रत्याशियों को समर्थन दिया। वहीं, जिला परिषद के वार्ड 26 से राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा) के प्रत्याशी महादेव रामेश्वर ने भी भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में नामांकन वापस ले लिया। इसे चुनावी समीकरणों के लिहाज से महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।
नामांकन वापस लेने वालों में जिला परिषद के वार्ड 13 से निवर्तमान रायपुर प्रधान कमला चौहान, पूर्व जिला परिषद सदस्य मुन्नी देवी एवं किरणबाला चौहान, वार्ड 16 से मायादेवी, वार्ड 17 से ज्योति कंवर, वार्ड 18 से नरेंद्र सिंह तथा वार्ड 27 से गोपाल सिंह शामिल हैं। इन सभी ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में दाखिल अपने नामांकन वापस लेकर भाजपा के समर्थन में चुनावी मैदान से हटने का निर्णय लिया।
इसके अतिरिक्त जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के अन्य निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी अपने नामांकन वापस लिए। भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष सांड के नेतृत्व में हुई इस कवायद से पार्टी को चुनाव में समर्थन मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। नामांकन वापसी के अंतिम दिन हुए इस घटनाक्रम के बाद विभिन्न वार्डों में चुनावी मुकाबले की तस्वीर में बदलाव आने की संभावना है।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष सांड, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री ओमप्रकाश जेदिया, अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव भटेवरा, ओबीसी मोर्चा के पूर्व प्रदेश संयोजक विक्रांत सिंह रावत, एडवोकेट टीकम सिंह चौहान, सुरेंद्र चनिया, हरदेव सिंह रावत, योगेंद्र सिंह राठौड़, भगवान सिंह रावत, भोजराज बैरवा एवं विजय सिंह रावत सहित भाजपा के विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष और पदाधिकारी उपस्थित रहे।