जिला स्वीप टीम की पहल, विद्यार्थियों ने हर वोट की अहमियत बताकर आमजन को किया प्रेरित
अनिल कुमार खींची
ब्यावर।स्मार्ट हलचल।लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक मत का महत्व बताते हुए सोमवार को ब्यावर जिले के विभिन्न राजकीय एवं गैर-राजकीय विद्यालयों तथा महाविद्यालयों में मतदाता जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। जिला स्वीप टीम के तत्वावधान में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अन्य सदस्यों ने मानव श्रृंखला बनाकर आमजन को मतदान के प्रति जागरूक रहने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया।
मानव श्रृंखला से दिया जागरूकता का संदेश
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने मानव श्रृंखला बनाकर एकता और लोकतांत्रिक सहभागिता का संदेश दिया। जागरूकता नारों के माध्यम से योग्य मतदाताओं को अपने मताधिकार का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान का उद्देश्य युवाओं के माध्यम से मतदान के महत्व को जन-जन तक पहुंचाना तथा नागरिकों में लोकतंत्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।
नियमित आयोजित हो रही जागरूकता गतिविधियां
अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी धनदान देथा के मार्गदर्शन में जिला स्वीप टीम की ओर से विभिन्न थीम आधारित गतिविधियों के माध्यम से मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। विद्यालयों और महाविद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों के जरिए विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं एवं आमजन को मतदान के महत्व से अवगत कराया जा रहा है। टीम का लक्ष्य लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करना और मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।