जिला एवं सेशन न्यायाधीश अनंत भंडारी ने विधिक सेवा योजनाओं की जानकारी देकर अधिवक्ताओं को किया प्रेरित
दिनेश लेखी
कठूमर।स्मार्ट हलचल|जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अलवर के अध्यक्ष एवं जिला एवं सेशन न्यायाधीश अनंत भंडारी की अध्यक्षता में विधिक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। तालुका विधिक सेवा समिति कठूमर की सचिव रुचि शर्मा ने बताया कि संगोष्ठी में अधिवक्ताओं के साथ विधिक सेवा प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं, पीड़ित प्रतिकर योजना, विधिक सहायता तथा आमजन को न्याय सुलभ कराने से जुड़े विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
जिला एवं सेशन न्यायाधीश अनंत भंडारी ने अधिवक्ताओं को विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने तथा जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने आगामी 12 दिसंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में चर्चा करते हुए राजीनामा योग्य प्रकरणों को लोक अदालत में संदर्भित करवाने और आपसी सहमति से अधिकाधिक मामलों का निस्तारण कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से पक्षकार आपसी समझाइश और सहमति से विवादों का समाधान प्राप्त कर सकते हैं।
अनंत भंडारी ने मेडिएशन फॉर द नेशन अभियान के तहत भी अधिवक्ताओं एवं पक्षकारों को अधिक से अधिक प्रकरण मध्यस्थता के लिए भेजने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने मध्यस्थता की प्रक्रिया के माध्यम से विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान करने तथा न्यायालयों में लंबित मामलों के निस्तारण में सहयोग देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश कठूमर उदय सिंह अलोरिया, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट युधिष्ठिर मीणा, सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट आदित्य शर्मा, बार एसोसिएशन कठूमर के अध्यक्ष सुभाष चंद्र शर्मा, बार एसोसिएशन खेरली मंडी के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नरूका सहित अन्य अधिवक्तागण एवं पक्षकार उपस्थित रहे।