श्रीदेवनारायण मंदिर में जुटे समाजजन, छात्रावास निर्माण के लिए शुरू हुआ स्थाई सदस्यता अभियान

दिलखुश मोटीस

सावर(अजमेर)@स्मार्ट हलचल|मीणा समाज संस्थान केकड़ी के तत्वावधान में रविवार को मीणों का नयागांव स्थित श्रीदेवनारायण मंदिर परिसर में समाज की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता रामअवतार मीणा ने की।
बैठक प्रारंभ होने से पूर्व समाज के पदाधिकारियों व समाजजनों ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर विधिवत बैठक की शुरुआत की। बैठक में समाज के छात्रावास निर्माण को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। समाज के छात्रावास निर्माण के लिए भूमि आवंटन कराने के उद्देश्य से सर्वसम्मति से एक समिति का गठन करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में यह भी तय किया गया कि समिति में स्थाई सदस्य बनाए जाएंगे। प्रत्येक स्थाई सदस्य स्वैच्छिक रूप से 5100 रुपये जमा करवाकर स्थाई सदस्यता ग्रहण कर सकेगा। साथ ही प्रत्येक स्थाई सदस्य अपने स्तर पर पांच अन्य स्थाई सदस्य जोड़ने का प्रयास करेगा, जिससे समाज के इस महत्वपूर्ण कार्य को गति मिल सके।
इस दौरान समाज के कोष का लेखा-जोखा भी बैठक में प्रस्तुत किया गया, जिसका उपस्थित समाजजनों ने अनुमोदन किया। बैठक में स्थाई सदस्यता के तहत नौ समाजजनों ने सदस्यता ग्रहण की।
बैठक में अगली बैठक का आयोजन बालाजी मंदिर बोकला गांव में करने का निर्णय लिया गया।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त बैंक प्रबंधक कैलाश मीणा, एडवोकेट लक्ष्मीचंद प्रतिहार, प्रशासक रामप्रसाद प्रतिहार, अध्यापक शिवजी प्रतिहार, पर्वतराज प्रतिहार, सेवानिवृत्त शिक्षक कैलाश मीणा, अशोक कुमार मीणा, पप्पूराम, शिवजीराम, शिवप्रताप सिंह मीणा, रामपाल, रमेश, छोटूराम सहित कई समाज बंधु मौजूद रहे।