शिक्षा और संस्कारों के साथ हर क्षेत्र में आगे बढ़ें स्वर्णकार समाज के युवा : रमेश चंद्र मायछ

महाराजा अजमीढ़ जी की जयंती धूमधाम से मनाई, शोभायात्रा निकाली; प्रतिभाशाली विद्यार्थियों सहित समाज की प्रतिभाओं का किया सम्मान

जहाजपुर अलकेश पारीक

जहाजपुर, 27 अक्टूबर।स्मार्ट हलचल|श्री मेढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज संस्थान के तत्वावधान में मंगलवार को जहाजपुर में स्वर्णकार समाज के आदि पुरुष महाराजा अजमीढ़ जी की जयंती धूमधाम से मनाई गई। तीन दिवसीय जयंती महोत्सव के तहत विभिन्न प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, विशाल शोभायात्रा और समाज सुधार गोष्ठी का आयोजन किया गया। समारोह में समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित कर शिक्षा, संस्कार और सामाजिक एकता का संदेश दिया गया।संस्थान अध्यक्ष सत्यवान सोनी ने बताया कि जयंती महोत्सव के तहत पहले दो दिनों में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। रात्रि में सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए, जिनमें समाज के महिला-पुरुषों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मंगलवार को शरद पूर्णिमा के अवसर पर महाराजा अजमीढ़ जी की जयंती पर गाजे-बाजे के साथ विशाल शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा सदर बाजार, नौ चौक और घास भैरू चौराहे सहित प्रमुख मार्गों से होते हुए कल्याण जी मंदिर पहुंची। इसके बाद शोभायात्रा समाज के नोहरे में पहुंची, जहां समाज सुधार गोष्ठी आयोजित की गई।

समारोह के मुख्य अतिथि भाजपा अजमेर जिला अध्यक्ष रमेश चंद्र मायछ (सोनी), विशिष्ट अतिथि स्वर्णकार समाज के प्रदेश मंत्री मुकेश सोनी, दिनेश कुमार, तहसील अध्यक्ष शिवनारायण सोनी और संरक्षक शिवचंद सोनी सहित अन्य अतिथियों ने महाराजा अजमीढ़ जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर आरती की और कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

शिक्षा के साथ संस्कारों पर भी दें जोर

समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा अजमेर जिला अध्यक्ष रमेश चंद्र मायछ ने कहा कि स्वर्णकार समाज के युवा शिक्षा के साथ हर क्षेत्र में आगे बढ़ें और अपने परिवार व समाज का नाम रोशन करें। उन्होंने सामाजिक एकता पर जोर देते हुए कहा कि कलयुग में संगठन ही शक्ति है। समाज की प्रगति के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना चाहिए।

उन्होंने मातृशक्ति से आह्वान किया कि वे घर-परिवार में सकारात्मक माहौल बनाएं और बच्चों को अच्छी शिक्षा के साथ संस्कार भी दें। वहीं, प्रदेश मंत्री मुकेश सोनी ने महाराजा अजमीढ़ जी के जीवन परिचय और उनके आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए समाज को शिक्षित, संगठित और जागरूक रहने का संदेश दिया। समारोह में समाज के विधि मंत्री एवं पत्रकार अनिल सोनी, विष्णु कुमार सोनी और तहसील अध्यक्ष शिवनारायण सोनी ने भी विचार व्यक्त किए।

90 प्रतिशत अंक लाने वाले राघव सोनी को मिला सम्मान

जयंती महोत्सव के दौरान शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले राघव सोनी, पुत्र अनिल कुमार सोनी, को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। समाज अध्यक्ष सत्यवान सोनी ने अपनी पूर्व घोषणा के अनुसार राघव को 2100 रुपये का नकद पुरस्कार भी प्रदान किया।

इसके अलावा प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रतिष्ठा सोनी, पुत्री राजेश सोनी, और आराध्या सोनी, पुत्री परमेश्वर सोनी, को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। नवयुवक कला मंडल संस्थान के अध्यक्ष एवं पत्रकार संघ अध्यक्ष अनिल सोनी तथा गायक कलाकार वैभव सोनी को भी अतिथियों ने महाराजा अजमीढ़ जी का चित्र और उपहार भेंट कर सम्मानित किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता रहे बालक-बालिकाओं और महिलाओं को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।

शिक्षाविद के निधन पर दी श्रद्धांजलि

कार्यक्रम के दौरान समाज के पूर्व जिला मंत्री एवं शिक्षाविद श्री रामस्वरूप स्वर्णकार के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। आयोजन में समाज अध्यक्ष सत्यवान सोनी, मंत्री परमेश्वर सोनी, नोहरा प्रभारी राजेश सोनी, महिला मंडल अध्यक्ष मुस्कान सोनी, मंत्री कलावती, बच्चू दादा सोनी, भेरूलाल सोनी, ओमप्रकाश सोनी, जगदीश सोनी, गिरीश सोनी, रामप्रसाद सोनी सहित तहसील क्षेत्र के अनेक समाजजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में संस्थान अध्यक्ष सत्यवान सोनी ने सभी अतिथियों और समाजजनों का आभार व्यक्त किया। स्नेह भोज के साथ तीन दिवसीय जयंती महोत्सव का समापन हुआ।