पांच माह से फरार 3 हजार का इनामी अभियुक्त गिरफ्तार

थाना रास पुलिस की कार्रवाई, वांछित अपराधियों की टॉप-10 सूची में था शामिल

अनिल कुमार खींची

ब्यावर।स्मार्ट हलचल।पुलिस थाना रास ने गंभीर आपराधिक प्रकरण में पांच माह से अधिक समय से फरार चल रहे 3 हजार रुपए के इनामी अभियुक्त दिनेश को गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। पुलिस अधीक्षक ब्यावर की ओर से 1 अक्टूबर को आरोपी पर इनाम घोषित किया गया था। गिरफ्तार आरोपी से पुलिस पूछताछ कर मामले में अनुसंधान कर रही है।पुलिस अधीक्षक रतन सिंह के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया तथा जैतारण वृत्ताधिकारी रमेन्द्र सिंह हाड़ा के सुपरविजन में थाना रास के थानाधिकारी पन्नालाल उपनिरीक्षक के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।

मई में दर्ज हुआ था मामला

पुलिस के अनुसार, 14 मई 2026 को पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना रास में मुकदमा संख्या 92/2026 दर्ज किया गया था। रिपोर्ट में पीड़िता को डराने-धमकाने, उसकी इच्छा के विरुद्ध बंधक बनाकर रखने तथा दुष्कर्म किए जाने के आरोप लगाए गए थे। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं एवं आईटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

अनुसंधान के दौरान पीड़िता के बयान दर्ज करवाए गए तथा मेडिकल परीक्षण कराया गया। प्रकरण में पूर्व में देवकरण उर्फ देवराज और शब्बीर उर्फ साबिर, दोनों निवासी जसनगर, को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया था। इसके बाद उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

लगातार दबिश के बाद मिली सफलता

मामले में वांछित दिनेश पुत्र पेमाराम, निवासी जसनगर, घटना के बाद से फरार चल रहा था। उसकी तलाश में पुलिस टीम ने कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन वह हाथ नहीं आया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ब्यावर ने 1 अक्टूबर 2026 को उसकी गिरफ्तारी पर 3 हजार रुपए का इनाम घोषित किया। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की उम्र 26 वर्ष बताई गई है। वह थाना रास के वांछित अपराधियों की टॉप-10 सूची में भी शामिल था।

पुलिस टीम में ये रहे शामिल

कार्रवाई करने वाली टीम में थाना रास के थानाधिकारी पन्नालाल उपनिरीक्षक, धर्माराम सहायक उपनिरीक्षक, जैतारण वृत्त कार्यालय के उमराव सहायक उपनिरीक्षक एवं कांस्टेबल रामदयाल तथा थाना रास के कांस्टेबल सुशील और संजय शामिल रहे। पुलिस मामले में आगे का अनुसंधान कर रही है।